Lucknow Bulldozer Action: पंतनगर में सड़क पर पोस्टर लेकर उतरे बच्चे, मुख्यमंत्री से की आशियाना बचाने की मांग

Lucknow Bulldozer Action: राजधानी लखनऊ के पंतनगर में रविवार को अपना आशियाना बचाने की मांग करते हुए करीब 4 दर्जन से अधिक बच्चे हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर सड़कों पर उतरे।

Written By :  Santosh Tiwari
Update: 2024-07-14 12:58 GMT

सरकार से गुहार लगाते बच्चे। Photo- Newstrack 

Lucknow Bulldozer Action: राजधानी लखनऊ के पंतनगर में रविवार को अपना आशियाना बचाने की मांग करते हुए करीब 4 दर्जन से अधिक बच्चे हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर सड़कों पर उतरे। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपना आशियाना बचाने की मांग करते हुए कहा कि अगर अब हम लोगों के घर तोड़ दिए जाएंगे तो हम लोग क्या करेंगे और कहाँ जाएंगे। उन्होंने हाथ जोड़कर कहा कि हमारा घर टूटेगा तो हम रोड पर आ जाएंगे फिर न जाने हमारा क्या होगा।

प्रदर्शन के दौरान बच्चों के परिजन भी रहे मौजूद। Photo- Newstrack 


अनम, शुभी, फातिमा, नंदिनी, रंजना, शानवी, पलक, आरुष, पियूष आदि ने कहा कि एक ओर सरकार बेटियों को बचाने का दावा करती है दूसरी ओर हम लोगों के साथ ऐसा हो रहा है तो आखिर कैसे बेटियों को बचाया जाएगा। अभी हमारे घरों की स्थिति बहुत खराब है, इस खबर के बाद से सब लोग परेशान हैं। किसी को समझ नहीं आ रहा कि अब क्या होगा। प्रदर्शन में शामिल बच्चों ने कहा कि यहां 7 दिनों से अधिकारी सर्वे करने की बात कह रहे हैं जबकि अभी तक ऐसा नहीं है। सर्वे भी ठीक से नहीं हुआ। आज प्रदर्शन के दौरान बच्चों ने हाथ से बनाए प्लेकार्ड भी दिखाए जिस पर उन्होंने 'ऑल आईज ऑन लखनऊ' और 'सेव अवर शेल्टर्स' आदि सन्देश लिखे थे।

शनिवार को पंतनगर में कीर्ति, पूनम, रितु, माया समेत बड़ी संख्या में महिलाओं ने अपने घरों पर रजिस्ट्री की फोटोकॉपी चिपका दी थी और सरकारी कार्रवाई का विरोध जताया था। विरोध करते हुए महिलाओं कहा था कि हमारे घरों को अचानक से अवैध बता दिया गया। उन्होंने शहर की जो सचमुच की अवैध कॉलोनियां हैं उनपर कार्रवाई न होने का आरोप भी लगाया था।

अबरार नगर पार्क में हुई मीटिंग

अबरार नगर पार्क में हुई मीटिंग: Photo- Newstrack 

शनिवार को अबरार नगर स्थित पार्क में लोगों ने लामबंद होकर एक मीटिंग बुलाई जिसमें उन्होंने पुरजोर तरीके से सरकारी कार्रवाई का विरोध किया। लोगों ने कहा कि अभी हमारी लड़ाई शुरू हुई है। हम इस लड़ाई को हर कीमत पर लड़ेंगे जरुरत पड़ी तो सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे लेकिन अपने घरों को उजड़ने नहीं देंगे। मीटिंग में शामिल शिल्पी ने कहा कि यह सर्वे ठीक से नहीं हुआ है। ठीक से सर्वे होगा तो अधिकारी ही दोषी निकलेंगे। इसी वजह से खानापूर्ति कर जनता को गलत कहा जा रहा है। जब 25 वर्षों से भी ज्यादा समय से हम लोग यहां रह रहे हैं तो आखिर हम लोग कैसे अवैध हो गए। साथ ही मीटिंग में लोगों ने कहा की एलडीए और सिंचाई विभाग सर्वे में किन मापदंडों का पालन कर रहा है यह भी स्पष्ट नहीं है।

कुकरैल रिवरफ्रंट बनाएगी सरकार

अकबर अगर को पूर्व में ध्वस्त किया जा चुका है। उत्तर प्रदेश सरकार अब रहीम नगर, पंतनगर, अबरार नगर, इंद्रप्रस्थ नगर आदि जगहों पर करीब 2000 घरों पर ध्वस्तीकरण की तैयारी में हैं। यहां ध्वस्तीकरण के बाद सरकार कुकरैल को सजाने के लिए इसके आसपास रिवरफ्रंट विकसित करने जा रही है। इसके तहत यहाँ पौधरोपण से लेकर कई अन्य कार्य प्रस्तावित हैं। 

Tags:    

Similar News