Bharat Jodo Nyay Yatra: राहुल गांधी को देखने उमड़े लोग, बोले- कांग्रेस ही देगी किसानों को एमएसपी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि आर्थिक अन्याय से छोटे व्यापारियों को साफ कर दिया गया है। अब सिर्फ अरबपतियों को ही फायदा मिलता है। सरकार बनते ही हम जातिगत जनगणना कराएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को बीजेपी एमएसपी नहीं देगी। किसानों को एमएसपी कांग्रेस ही देगी।

Report :  Abhishek Mishra
Update: 2024-02-20 17:30 GMT

Bharat Jodo Nyay Yatra: राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 38वें दिन मंगलवार को लखनऊ पहुंची। न्याय यात्रा के स्वागत के लिए यहां बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जुटे थे। पूरी यात्रा में कांग्रेस नेता को देखने के लिए लोग उमड़े रहे। शहर का भ्रमण करते हुए राहुल गांधी की न्याय यात्रा हुसैनाबाद स्थित घंटाघर पहुंची। जगह जगह पर फूलों की बारिश से यात्रा का स्वागत किया गया। कांग्रेस नेता ने घंटाघर पर एक सभा को संबोधित किया।

घंटाघर पर सभा को किया संबोधित

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मंगलवार को राजधानी पहुंची। अमेठी और रायबरेली होते हुए न्याय यात्रा शाम सात बजे शहर के केकेसी चौराहे पर पहुंची। यहां हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा का स्वागत किया। राहुल गांधी के साथ उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय भी रहे। राहुल गांधी की न्याय यात्रा केकेसी चैराहे से चारबाग की ओर बढ़ी। इस यात्रा में कांग्रेस नेता के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। चारबाग से आगे बढ़ते हुए यात्रा नाका चौराहा, रकाबगंज, मेडिकल कॉलेज और चरक चौराहा होकर घंटाघर पहुंची। यहां पहुंचकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक सभा को संबोधित किया। जिसमें उन्होंने सरकार पर जमकर निशाना साधा।


देश में नफरत का माहौल

करीब साढ़े आठ बजे राहुल गांधी की न्याय यात्रा घंटाघर पहुंची। हुसैनाबाद क्षेत्र स्थित घंटाघर के सामने कांग्रेस नेता ने जनसभा को संबोधित किया। जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि किसानों, मजदूरों और युवाओं के प्रति देश में नफरत का माहौल है। हमारे देश में दलित, आदिवासी और गरीबों को न्याय नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि यहां सिर्फ अरबपतियों को ही न्याय मिलता है। देश में आर्थिक और समाजिक अन्याय है। कांग्रेस नेता ने कहा कि युवा इतनी मेहनत से पेपर की तैयारी करता है। लेकिन पेपर देने से पहले ही प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो जाता है।


हर जगह खोलनी है मोहब्बत की दुकान

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि आर्थिक अन्याय से छोटे व्यापारियों को साफ कर दिया गया है। अब सिर्फ अरबपतियों को ही फायदा मिलता है। सरकार बनते ही हम जातिगत जनगणना कराएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को बीजेपी एमएसपी नहीं देगी। किसानों को एमएसपी कांग्रेस ही देगी। कांग्रेस नेता ने कहा कि देश में नफरत को मिटाकर मोहब्बत को आगे बढ़ाना है। हमें देश में सड़को और गली-गली में मोहब्बत की दुकान खोलनी है।

Tags:    

Similar News