LUcknow News: आम आदमी पार्टी ने DIOS लखनऊ पर लगाए गंभीर आरोप: शिक्षकों को रिश्वत देने के लिए किया जा रहा मजबूर: महेंद्र सिंह

महेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि डीआईओएस लखनऊ के इशारे पर शिक्षकों से रिश्वत लेने की प्रक्रिया चल रही है।;

Update:2025-03-09 20:48 IST

Lucknow News: Photo-Social Media

Lucknow News: आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने लखनऊ के जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए दावा किया कि यहां शिक्षकों से पुरानी पेंशन के विकल्प पत्र शासन तक पहुंचाने के नाम पर धन उगाही की जा रही है। आप प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने कहा कि डीआईओएस कार्यालय के इस कृत्य ने शिक्षकों में आक्रोश पैदा कर दिया है और वे घूसखोरी के शिकार हो रहे हैं।

आम आदमी पार्टी ने लगाया आरोप

आप प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने बताया कि 28 मार्च 2005 से पहले के विज्ञापन से नियुक्ति पाने वाले शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने के लिए शासनादेश जारी किया गया था। इसके तहत शिक्षकों को अपने विकल्प पत्र भरकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा करने के लिए कहा गया था। कुछ शिक्षकों के विकल्प पत्र पहले सूची में शामिल हो गए। पर अधिकांश शिक्षकों के नाम शामिल नहीं किए गए। इसके बाद जिन शिक्षकों के विकल्प पत्रों पर आपत्ति लगी थी। उन्होंने आपत्तियों का समाधान करते हुए फिर से इन विकल्प पत्रों को प्रधानाचार्य के माध्यम से डीआईओएस कार्यालय में जमा कर दिया। हालांकि, इसके बावजूद दूसरी सूची में भी कई शिक्षकों का नाम गायब था।

शिक्षकों को किया जा रहा है मजबूर: महेंद्र सिंह

महेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि डीआईओएस लखनऊ के इशारे पर शिक्षकों से रिश्वत लेने की प्रक्रिया चल रही है। फॉर्म 16 से लेकर अन्य छोटे-मोटे कामों के लिए शिक्षकों से धन उगाही की जा रही है। इसके अलावा जानबूझकर विकल्प पत्रों को रोका जा रहा है, जिससे शिक्षकों को धन देने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

सरकार से पारदर्शिता की मांग

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने सरकार से मांग किया कि वह शिक्षा विभाग के कार्यालयों में पारदर्शिता सुनिश्चित करे और घूसखोरी पर कड़ी रोक लगाए। उन्होंने यह कहा कि किसी भी शिक्षक का आर्थिक उत्पीड़न नहीं होना चाहिए और इस मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

Tags:    

Similar News