Lucknow News: राजधानी में बारिश ने खोली नगर निगम के दावों की पोल, विधानसभा में भरा पानी, सड़के जलमग्न

Lucknow News: राजधानी में सीवर सफाई न होने के चलते जलभराव होने से जनता को खामियाजा भुगतना पड़ा है। राजधानी में जगह-जगह सीवर चोक होने के कारण जलनिकासी नहीं हो सकी।

Update: 2024-07-31 09:25 GMT

लखनऊ में बारिश से विधानसभा में भरा पानी, सड़के जलमग्न (न्यूजट्रैक)

Lucknow News: राजधानी लखनऊ में बुधवार को तेज बारिश ने उमस भरी गर्मी झेल रहे लोगों को राहत जरूर दी। वहीं बारिश ने नगर निगम के दावों की पोल भी खोल कर रख दी। राजधानी में सीवर सफाई न होने के चलते जलभराव होने से जनता को खामियाजा भुगतना पड़ा है। राजधानी में जगह-जगह सीवर चोक होने के कारण जलनिकासी नहीं हो सकी। जिससे लखनऊ में कुछ देर की ही तेज बारिश से जगह-जगह जलभराव हो गया। जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

राजधानी लखनऊ के हजरतगंज चौराहा तो थोड़ी देर की ही बारिश में तालाब में तब्दील हो गया। सड़क पर घुटनों तक पानी भर गया। विधानसभा परिसर में भी बारिश का पानी भर गया। यहीं नहीं जिस नगर निगम पर शहर को जलभराव और सफाई का जिम्मा है। उसके ही मुख्यालय की छत से बारिश का पानी टपक रहा था। हजरतगंज, विधानसभा, सिविल, दारूलशफा समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया है। 


विधानभवन के गेट नं. सात पर भरा पानी

बुधवार को राजधानी लखनऊ में झमाझम बारिश हुई। लेकिन कुछ देर की ही बारिश के चलते राजधानी के कई इलाकों में जलभराव होने से लोगों को दिक्कतों का भी सामना करना पड़ा। विधानभवन के गेट नं. सात पर भी बारिश का पानी भर गया। इस समय यूपी विधानसभा का मानसून सत्र चल रहा है। सत्र में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जलभराव होने के कारण गेट नं. सात की जगह एक नंबर गेट से बाहर निकाला गया।

वहीं विधानसभा के परिसर में भी पानी भरने से विधायकों और कर्मचारियों को समस्याओं का सामना करना पड़ा। जलभराव के चलते उनका आना-जाना बाधित हो गया। भारी बारिश होने के कारण लखनऊ नगर निगम के ऑफिस में भी पानी घुस गया। यहां तक कि नगर निगम की छत से भी पानी टपकने लगा।


वहीं हजरतगंज चौराहे पर भी बारिश के चलते सड़क जलमग्न हो गयी। सड़कों पर पानी भर जाने के कारण वाहनों को रेंग-रेंग कर चलना पड़ा। वहीं पैदल चलने वाले लोगों को दिक्कतों से दो-चार होना पड़ा। वहीं कई इलाकों में लोगों के घरों में भी पानी भर गया। वहीं सिविल अस्पताल के पास पार्क रोड और दारूलशफा में भी घुटनों तक पानी भर गया है। 

हजरतंगज स्थित कैपिटल सिनेमा हॉल के पास की सभी दुकानों में भी कमर तक पानी भर गया। नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह टीम के साथ स्वयं विधानसभा और हजरतगंज के आसपास जलनिकासी का मोर्चा संभाले हुए हैं। जल निकासी के लिए प्रयास किये जा रहे हैं। 

शिवपाल यादव ने साधा निशाना

लखनऊ शहर में थोड़ी देर ही बारिश के चलते विधानसभा के बेसमेंट में पानी भर जाने को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने यूपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर विधानसभा में पानी भर जाने का वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि एक मूसलाधार बारिश में ये हाल है। सबसे ज्यादा बजट की जरूरत तो उत्तर प्रदेश की विधानसभा को है।

Tags:    

Similar News