Lucknow News: ऊदादेवी की जयंती पर सपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

Lucknow News: समाजवादी पार्टी की ओर से आज वीरांगना ऊदादेवी की 151वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर प्रदेश कार्यालय में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी ने पार्टी के पदाधिकारियों के साथ उन्हें श्रद्धांजलि दी।

Report :  Santosh Tiwari
Update: 2024-06-30 12:55 GMT

श्रद्धांजलि अर्पित करते सपा नेता। Photo- Newstrack

Lucknow News: समाजवादी पार्टी की ओर से आज वीरांगना ऊदादेवी की 151वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर प्रदेश कार्यालय में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी ने पार्टी के पदाधिकारियों के साथ उन्हें श्रद्धांजलि दी। वहीं, राजधानी के सिकंदरबाग चौराहे पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने ऊदादेवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। 

प्रदेश उपाध्यक्ष सीएल वर्मा ने वीरांगना ऊदादेवी के शौर्य का बखान करते हुए कहा कि वह अवध के अंतिम नवाब वाजिद अली शाह की बेगम हजरतमहल की सुरक्षा थी। नवाब के निर्वासन के बाद 1857 की क्रांति में लखनऊ के सिकंदर बाग में उन्होंने 36 अंग्रेज सिपाहियों को मौत के घाट उतार दिया। बाद में धोखे से अंग्रेजों ने उन्हें मार दिया था। उन्होंने कहा कि ऊदादेवी का बलिदान इतिहास का एक अमर पृष्ठ है। इसके साथ ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मनोज पासवान ने भी अपने सहयोगियों के साथ उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव अताउर्रहमान, पूर्व विधायक अंबरीश पुष्कर, अर्चना रावत, मनोज पाल, एसके राय, डॉ हरिश्चंद, शिव शरण तिवारी समेत तमाम लोग मौजूद रहे।

श्रद्धांजलि अर्पित करते सपा नेता। Photo- Newstrack


 सपा की ओर से एक सप्ताह चलेगा 'पीडीए पेड़' अभियान, अखिलेश के जन्मदिन से शुरुआत

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन पर समाजवादी पार्टी की ओर से प्रदेश भर में पौधरोपण अभियान शुरू किया जाएगा। इसे लेकर पार्टी की ओर से पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को निर्देश जारी किए गए हैं। इसमें बताया गया है कि देश भर में पड़ रही भीषण गर्मी और पर्यावरण में लगातार हो रहे प्रतिकूल बदलावों के कारण वृहद स्तर पर पेड़ लगाने की आवश्यकता है। ऐसे में जन्मदिन के अवसर पर पेड़ लगाने से अच्छा कुछ भी नहीं हो सकता। प्रत्येक इंसान को अपने जन्मदिन पर पेड़ लगाने चाहिए। इसी के मद्देनजर समाजवादी पार्टी की ओर से उत्तर प्रदेश के साथ ही अन्य राज्यों में भी पौधरोपण 'पीडीए पेड़' अभियान चलाया जाएगा। समाजवादी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सीएल वर्मा ने न्यूज़ट्रैक से बातचीत में बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा गया है कि जन्मदिन सादगी के साथ मनाएं। पर्यावरण को देखते हुए उन्होंने बड़ी संख्या में पौधरोपण करने पर जोर दिया है। ऐसे में कार्यकर्ताओं की ओर से वृहद पौधरोपण हेतु तैयारियां की जा रही हैं। आगामी 1 से 7 जुलाई तक प्रदेश के गाँव-गाँव तक पहुंचकर समाजवादी लोग पौधरोपण करेंगे और आम जनता को भी इस अभियान से जोड़ेंगे।

बैनर-पोस्टर से पटा सपा कार्यालय

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन से पहले लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय बैनर पोस्टर से पट गया है।

बैनर-पोस्टर से पटा सपा कार्यालय: Photo- Newstrack

प्रदेश के विभिन्न जिलों के कार्यकर्ताओं व नेताओं ने अखिलेश यादव को बधाई देते हुए पोस्टर सड़क के दोनों ओर लगाए हैं। इनमें से पार्टी कार्यकर्ता मंजीत ने एक पोस्टर लगवाया है जिसमें अखिलेश यादव को भावी प्रधानमंत्री बताया गया है। यह पोस्टर काफी चर्चा में है।

Tags:    

Similar News