Lucknow News: निरोगी काया की ओर बढ़े कदम, कॉलेजों में आसन-प्राणायाम कर मना योग दिवस

Lucknow News: शहर के कालीचरण पीजी कॉलेज, केकेसी, नारी शिक्षा निकेतन, नगर निगम डिग्री कॉलेज समेत कई कॉलेजों में योग दिवस मनाया गया। छात्रों और शिक्षकों ने योग अभ्यास किया।

Report :  Abhishek Mishra
Update: 2024-06-21 13:15 GMT

Lucknow News: अंतराष्ट्रीय योग दिवस के मद्देनजर केकेसी, शिया पीजी कॉलेज, कालीचरण, नगर निगम डिग्री कॉलेज समेत कई कॉलेजों में योग अभ्यास किया गया। इस वर्ष योग थीम 'स्वयं और समाज के लिए योग' थी। 


 केकेसी व शिया कॉलेज में हुआ योग अभ्यास 

श्री जयनारायण मिश्र महाविद्यालय केकेसी में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 'योग- कल, आज और कल' विषय पर व्याख्यान हुआ। यहां जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मोहम्मद आरिफ ने विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि किस तरह से टीवी देखते समय, पालतू जानवरों को खिलाते समय, ऑफिस में काम करते समय तथा ट्रैवल करते समय, स्मार्ट योगाभ्यास करते हुए अपने तन और मन को स्वस्थ एवं प्रफुल्लित रखा जा सकता है। उन्होंने वर्तमान समय में उपज रही अनेकों बीमारियों एवं अवसाद से बचने के लिए योग को सबसे बड़ा साधन बताया। प्राचार्य प्रो. विनोद चंद्रा ने सभी को योग दिवस की बधाई दी। महाविद्यालय प्रवेश समिति के अध्यक्ष डॉ. अंशुमाली शर्मा ने उनका स्वागत किया। योगा क्लब के प्रभारी डॉ. एन के बाजपेई के निर्देशन में सामूहिक रूप से प्राणायाम, कपालभाति, भ्रामरी प्राणायाम, मयूर आसन जैसे आसनों का अभ्यास किया गया। इस मौके पर प्रो. मधु गौड, प्रो. अभिषेक सिंह, प्रो. बलवंत सिंह, डॉ. विजय राज श्रीवास्तव, डॉ. आर डी मिश्रा, डॉ. सुयश शुक्ला सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे। वहीं शिया पीजी कॉलेज में योग अभ्यास शिविर का आयोजन हुआ। योगाचार्य सुकेंद्र ने छात्रों को योग अभ्यास कराया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो सै. शबी रजा बाकरी ने कहा भारत युवाओं का देश है जब देश का युवा स्वस्थ रहेगा तो देश भी स्वस्थ रहेगा। 

खुन खुन जी और डीएवी में मना योग दिवस 

खुन खुन जी गर्ल्स पीजी कॉलेज में योग सप्ताह के अंतर्गत योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसमें महाविद्यालय की शिक्षिकाओं, छात्राओं, कर्मचारियों व उनके परिवारजनों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। प्राचार्य प्रो. अंशू केडिया के निर्देशन में कार्यक्रम हुआ। यहां प्राणायाम, ताड़ासन,सूर्य नमस्कार, भुजंगासन, सर्वांगासन जैसे आसनों का अभ्यास किया गया। डीएवी कॉलेज के भृगुदत्त तिवारी ऑडिटोरियम में योगाभ्यास कार्यक्रम हुआ। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के क्षेत्र प्रचार प्रमुख सुभाष जी मुख्य अतिथि रहे। योग गुरु अंजनी कुमार दुबे योग अभ्यास कराया। इस मौके पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राजीव कुमार त्रिपाठी, उप प्राचार्य प्रो. संजय तिवारी, प्रो. सुधीर शुक्ला, डॉ. दुर्गेश मिश्रा, डॉ. आनंद कुमार सिंह, डॉ. प्रतीक गुप्ता, डॉ. रविंद्र कुमार समेत कई अन्य मौजूद रहे। 

नगर निगम डिग्री कॉलेज में लगा योग शिविर 

सुरेंद्रनगर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी नगर निगम डिग्री कॉलेज व नेहरू युवा केन्द्र की ओर से योग शिविर लगाया गया। यहां नेहरू युवा केन्द्र के युवा विकास अधिकारी विकास सिंह व एकल अभियान युवा आयाम के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुर्गेश वाजपेयी मुख्य अतिथि रहे। प्राचार्य डॉ. सुभाष चन्द्र पाण्डेय ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। योग प्रशिक्षक बालभास्कर मिश्र ने छात्र-छात्राओं को महार्षि पतंजलि के अष्टांग योग के बारे में बताते हुए कुछ शारीरिक व्यायाम के साथ-साथ यम, नियम आसन, प्रणायाम, प्रत्याहार, ध्यान, धारणा एवं समाधि के बारे में जानकारी प्रदान की। इस मौके पर राष्ट्रीय सेवा योजना की तीनों ईकाईयों के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. उपेन्द्र कुमार, डॉ. सादिया एवं डॉ. आशा पाल, स्वंयसेवक स्वंयसेविकाओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।


 कालीचरण व नारी कॉलेज में छात्रों ने किया योग

चौक स्थित कालीचरण पीजी कॉलेज में सामूहिक योगाभ्यास किया गया। यहां योगाचार्य विनीत यादव व आफरीन ने योग अभ्यास कराया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. चन्द्र मोहन उपाध्याय, प्रो. मीना कुमारी, प्रो. विश्वनाथ मिश्रा, प्रो. मनोज कुमार पाण्डेय, प्रो. कल्याणी द्विवेदी, डॉ. अल्का द्विवेदी, डॉ. मुकेश कुमार मिश्रा, डॉ. अरूण यादव, राज कुमार सिंह, सत्य प्रकाश प्रसाद, डॉ. मुकेश कुमार मिश्रा व अन्य मौजूद रहे। नारी शिक्षा निकेतन स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से योग शिविर लगाया गया। प्राचार्या प्रो. सपना वर्मा ने सभी को योग दिवस के महत्व के बारे में बताया। यहां महाविद्यालय परिवार और इंडियन ओवरसीज बैंक के प्रबंधक ललित पंत और कर्मचारियों ने साथ मिलकर योग का अभ्यास किया। योगाचार्य डॉ. पूनम पांडे और क्षमा त्रिपाठी ने ताड़ासन, वृक्षासन, शलभासन, उष्ट्रासन जैसे आसन कराए। इस दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी डॉ. अंतिमा चौधरी, आकांक्षा वर्मा सहित अन्य मौजूद रहे। 










   

Tags:    

Similar News