Weather update: अगले पांच दिनों तक होगा गलन का कहर, बढ़ेगी सर्दी, तापमान में भी होगी गिरावट

Weather update: मौसम विभाग के मुताबिक भारत के ज्यादातर राज्यों में सबसे ज्यादा ठंड पड़ने का अनुमान लगाया गया। इस वजह से न केवल दिन बल्कि रात के तापमान में भी तेजी से गिरावट दर्ज हो सकती है।

Update: 2024-01-18 02:00 GMT

Weather Update Today   (PHOTO: Newstrack.com)

Weather update: अभी सर्दी का सितम जारी रहेगा। शीतलहर और कड़ाके की ठंड से आने वाले पांच-छह दिनों तक राहत मिलने वाली नहीं है। आने वाले पांच दिनों तक सबसे ठंडी हवाएं और गलन का कहर पड़ने वाला है। ठंडी हवाओं की रफ्तार 140 समुद्री मील यानी तकरीबन 250 किमी प्रति घंटे की रफ्तार रहने वाली है। यूपी में भी सर्दी का सितम जारी है। बुधवार को राजधानी लखनउ समेत बाराबंकी, अयोध्या, सीतापुर, रायबरेली, उन्नाव, कानपुर, अमेठी, बरेली सहित अधिकर जिलों में दिन में धूप तो निकली लेकिन कंपकपी से लोग परेशान नजर आए। धूप का कोई असर नहीं दिखा।

उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में समुद्र तल से तकरीबन 12 किलोमीटर ऊपर तेज गति से चल रहीं जेट स्ट्रीम हवाओं का असर मैदानी इलाकों में सबसे अधिक ठंडे दिनों के तौर पर होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार भारत के अधिकतर राज्यों में सबसे ज्यादा ठंड पड़ने का अनुमान लगाया गया। इसके कारण न केवल दिन बल्कि रात के तापमान में भी तेजी से गिरावट देखी जा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार जेट स्ट्रीम हवाओं के चलते मैदानी इलाकों में ठंड बढ़नी शुरू हो जाएगी। भारत खासतौर से मैदानी इलाकों में इसकी वजह से न सिर्फ गलन बढ़ेगी, बल्कि जेट स्ट्रीम हवाओं के लगातार बने रहने से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है। जबकि दिन में चलने वाली ठंडी हवाओं से गलन बढ़ेगी।

इसका सीधा असर इन इलाकों पर पड़ेगा

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक बुधवार से लेकर रविवार तक यह जेट स्ट्रीम हवाएं इसी गति से वायुमंडल में बहती रहेंगी, जिसका सीधा-सीधा असर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों पर पड़ता रहेगा। जिसमें पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में पड़ेगा।

पहाड़ी इलाकों में भी पड़ेगा असर

मौसम विभाग के मुताबिक जेट स्ट्रीम हवाओं का असर पहाड़ी इलाकों पर भी पड़ने वाला है। अनुमान के मुताबिक ऊपरी हिस्से में बर्फबारी और मध्य हिमालय के निचले हिस्से में बारिश का अनुमान लगाया जा रहा है। जिसमें जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश समेत उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में बारिश का अनुमान लगाया गया है। इसके अलावा बिहार, झारखंड, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और उड़ीसा समेत बंगाल के कुछ हिस्सों में भी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों का मानना है कि अगले पांच दिनों तक इन इलाकों में खासतौर से बिहार, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश में बारिश के चलते कुछ कुछ हिस्सों में मौसम साफ भी बना रह सकता है।

कुछ हिस्सों में अभी लगातार कोहरा बना रहेगा।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट दर्ज हो सकती है। जबकि अधिकतम तापमान में भी इतने ही तापमान की गिरावट दर्ज होने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में अभी लगातार कोहरा बना रहेगा। विभाग के वैज्ञानिकों का मानना है कि अगले तीन दिनों के भीतर दिन के समय तो उतना कोहरा नहीं होगा, लेकिन सुबह और रात में यह कोहरा बढ़ेगा। इसमें पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत बिहार के कुछ हिस्सों में कोहरे का यह ट्रेंड देखा जा सकता है।

Tags:    

Similar News