UP Weather: भीषण गर्मी से मचा हाहाकार, यूपी में 171 लोगों की गयी जान, जानें कब मिलेगी राहत

UP Weather: यूपी में झुलसा देने वाली गर्मी अब जानलेवा होती जा रही है। मंगलवार को गर्मी के चलते प्रदेश में 171 लोगों की असमय काल के गाल में समा गये।;

Update:2024-06-19 10:45 IST
up weather

यूपी में भीषण गर्मी के चलते 171 लोगों की गयी जान (सोशल मीडिया)

  • whatsapp icon

UP Weather: उत्तर प्रदेश में गर्मी का सितम कम होने का नाम ही नहीं ले रहा। सुबह होते ही तेज धूप के साथ गर्मी का पारा भी लगातार बढ़ने लगता है। प्रचंड गर्मी के चलते जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। हर तरफ भीषण गर्मी के चलते हाहाकार मचा हुआ है। दिन तो दिन रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही। यूपी में झुलसा देने वाली गर्मी अब जानलेवा होती जा रही है। मंगलवार को गर्मी के चलते प्रदेश में 171 लोग असमय काल के गाल में समा गये।

राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के अधिकांश जनपदों में तपिश का कहर नजर आ रहा है। मंगलवार को प्रदेश का उरई जनपद सर्वाधिक गर्म रहा। यहां तापमान 46.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं कानपुर की रात सबसे ज्यादा गर्म रही। मंगलवार को राजधानी लखनऊ में भी जून की तीसरी सर्वाधिक गर्म रात रिकॉर्ड की गयी। लखनऊ में न्यूनतम तापमान 32.6 डिग्री दर्ज किया। हालांकि मंगलवार को कुछ शहरों में आंधी और हल्की बारिश भी हुई। लेकिन इससे भीषण गर्मी पर कुछ असर नहीं पड़ा।


पूर्वांचल में सबसे ज्यादा 64 लोगों की गयी जान

पूर्वाचल के नौ जनपदों में मंगलवार को सबसे अधिक 64 लोगों ने भीषण गर्मी के चलते दम तोड़ दिया। पूर्वांचल के मिर्जापुर जनपद में 15, वाराणसी में 18, बलिया में 12, गाजीपुर और चंदौली में सात-सात, सोनभद्र में दो, आजमगढ़, भदोही और मऊ में एक-एक व्यक्ति की मौत गर्मी के चलते हुई है। वहीं बुंदेलखंड और कानपुर मंडल में गर्मी के प्रकोप के चलते 62 लोगों की असमय मौत हुई है। इनमें बांदा में 13, फतेहपुर में 12, कानपुर में 11, हमीरपुर में 10, चित्रकूट में आठ, महोबा में पांच और इटावा में तीन लोग काल के गाल में समा गये।


अवध के जनपदों में भी छह लोगों को भीषण गर्मी ने लील लिया। इनमें बाराबंकी में एक होमगार्ड, रेलयात्री और रिटायर कर्मचारी की मौत हुई है। अमेठी में एक बुजुर्ग, गोंडा में एक बुजुर्ग और रायबरेली में एक व्यक्ति की जान चली गयी। ब्रज क्षेत्र में भीषण गर्मी का कहर देखने को मिला। यहां लगातार बढ़ रहे तापमान ने 13 लोगों का जीवन खत्म कर दिया। इनमें फिरोजाबाद के सात, मैनपुरी के तीन और आगरा के दो और मथुरा में एक की मौत हुई है। बरेली, लखीमपुर खीरी में भी एक- एक व्यक्ति की गर्मी के चलते मौत हुई है। प्रयागराज और आसपास के जनपदों में 20 और गोरखपुर-बस्ती मंडल में चार लोगों की जान गर्मी के चलते चली गयी।

आज से मिल सकती है कुछ राहत

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तरी तराई इलाकों में बुधवार से गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। इससे उत्तरी तराई इलाकों में प्रचंड गर्मी और लू के कहर से थोड़ी राहत मिलेगी। वहीं शेष क्षेत्रों में अगले तीन-चार दिनों में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

Tags:    

Similar News