Babita Chauhan: कौन हैं बबीता चौहान, जिन्हें राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष की मिली अहम जिम्मेदारी

Babita Chauhan: राज्य महिला आयोग की नवनियुक्त अध्यक्ष बनीं बबीता चौहान राजनीति के साथ ही समाजसेवा और स्वयंसेवी संगठनों के जरिए जनता से जुड़ी रहती हैं।

Update: 2024-09-04 06:15 GMT

कौन हैं बबीता चौहान (सोशल मीडिया)

Babita Chauhan: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने अब आयोग और निगम का गठन शुरू कर दिया है। यूपी सरकार ने राज्य महिला आयोग की जिम्मेदारी बबीता चौहान को सौंपी है। सरकार ने बबीता चौहान को आयोग का अध्यक्ष मनोनीत किया है। वह इस पद पर एक साथ तक रहेंगी। इसके साथ ही राज्य महिला आयोग में अध्यक्ष के साथ ही दो उपाध्यक्ष और 25 सदस्यों के नामों की घोषणा की गयी है। चुनाव और भाजपा के अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने वाली बबीता चौहान को लंबे संघर्ष के बाद परिणाम हासिल हुआ है। वर्तमान में बबीता चौहान भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की उत्तर प्रदेष इकाई की उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। साथ ही वह यूपी भाजपा कार्यकारिणी में सदस्य भी हैं।

कौन हैं राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान

राज्य महिला आयोग की नवनियुक्त अध्यक्ष बनीं बबीता चौहान राजनीति के साथ ही समाजसेवा और स्वयंसेवी संगठनों के जरिए जनता से जुड़ी रहती हैं। ताजनगरी आगरा के हरिपर्तन की प्रोफेसर कॉलोनी की रहने वालीं बबीता चौहान भारतीय जनता पार्टी में कई अहम पदों की जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। उन्होंने राजनीति शास्त्र से एमए और एलएलबी किया है। वह खेरागढ़ के वार्ड 31 से जिला पंचायत सदस्य भी हैं। उन्होंने भाजपा के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान में भी सक्रिय भूमिका निभायी थी।

इसके साथ ही साल 2022 के विधानसभा चुनाव में बबीता चौहान ने टूंडला विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी का कार्यभार भी निभाया। इसके बाद साल 2023 में उन्हें शिकोहाबाद नगर पालिका चुनाव में भी प्रभारी बनाया गया था। इस तरह बबीता चौहान को पार्टी नेतृत्व ने जो भी जिम्मेदारी सौंपी। उसे उन्होंने पूरी सक्रियता, मेहनत और निष्ठा के साथ पूरा किया। भाजपा नेत्री बबीता चौहान के पति जितेंद्र चौहान लायंस क्लब इंटरनेशनल में इंटरनेशनल डायरेक्टर हैं। उनके पति भी कई समाजसेवी संस्थाओं से जुड़े हुए हैं।

समाजसेवा में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए बबीता चौहान और उनके पति जितेंद्र चौहान को कई पुरस्कार भी मिल चुके हैं। बबीता चौहान को समाजसेवा के कार्यों के लिए फ्रांस की यूनिवर्सिटी ने डॉक्टरेट की मानद उपाधि दी है। भाजपा नेता बबीता चौहान आगरा के महापौर पद के लिए प्रयासरत थीं। लेकिन किसी कारणवष उन्हें टिकट नहीं मिल सका था। लेकिन बबीता चौहान को उनके संघर्षो के बाद पार्टी ने अहम जिम्मेदारी सौंपी है।

अब तक आगरा की दो महिला नेता रहीं आयोग की सदस्य

बबीता चौहान आगरा जनपद की पहली ऐसी महिला नेता हैं। जिन्हें राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बनाया गया है। इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई की रिष्तेदार निर्मला दीक्षित को राज्य महिला आयोग का सदस्य बनाया गया था। इसी जनपद की सपा नेता रोली तिवारी भी आयोग की सदस्य रह चुकीं हैं।

Tags:    

Similar News