Aparna Yadav: सपा में फिर शामिल होंगी अपर्णा यादव? महिला आयोग में अध्यक्ष पद न मिलने से हैं खफा

Aparna Yadav: राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष नामित किये जाने के बाद अपर्णा यादव बीते दिनों समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव से मिलने गयी थीं। मुलाकात के दौरान अपर्णा ने शिवपाल यादव के पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया था।

Update: 2024-09-07 11:47 GMT

सपा में फिर शामिल होंगी अपर्णा यादव? (सोशल मीडिया)

Aparna Yadav: भारतीय जनता पार्टी में लगभग ढाई साल पहले शामिल होने के बाद से ही सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव कयास लगा रही थीं कि उन्हें संगठन कोई बड़ी जिम्मेदारी सौंपेगा। लेकिन बीते दिनों अपर्णा यादव को उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग का उपाध्यक्ष बनाया गया। शायद अपर्णा को अपने कद के हिसाब से पद न मिलने की नाराजगी है। तभी उन्होंने अब तक उपाध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण नहीं किया है।

वहीं आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान, दूसरी उपाध्यक्ष चारू चौधरी व सदस्यों ने पदभार ग्रहण कर लिया है। अपर्णा के अब तक कार्यभार ग्रहण न करने से सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। राजनीतिक गलियारे में यह चर्चा है कि अपर्णा अध्यक्ष पद न मिलने की वजह से नाराज हैं। इसी के चलते उन्होंने अब तक पदभार ग्रहण नहीं किया है। वहीं यह भी चर्चा तेजी से चल रही है कि अपर्णा यादव जल्द ही घर वापसी कर लेगीं!


शिवपाल यादव से मुलाकात के बाद बढ़ी सियासत

राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष नामित किये जाने के बाद अपर्णा यादव बीते दिनों समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव से मिलने गयी थीं। मुलाकात के दौरान अपर्णा ने शिवपाल यादव के पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया था। अपर्णा और शिवपाल यादव की मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह कयास लगाये जाने लगे हैं कि कहीं वह सपा में फिर से वापसी तो नहीं करने वाली हैं।

वहीं यह भी कहा जा रहा है कि दोनों नेता भले ही अलग-अलग राजनीतिक पार्टियों से हों, लेकिन उनका परिवार तो एक ही है। लेकिन अचानक अपर्णा की परिवार वालों से मुलाकात ने सियासी गलियारों में तैर रहे कयासों को हवा तो दे ही दी है। वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इशारे-इशारे में अपर्णा यादव को आयोग में अध्यक्ष पद न मिलने पर तंज कसा था। अब यह भी चर्चा है कि 10 अक्टूबर को अपर्णा सैफई में मुलायम सिंह यादव की दूसरी पुण्यतिथि पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल हो सकती हैं।

परिवहन मंत्री ने की अपर्णा से भेंट

यूपी सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने राज्य महिला आयोग के उपाध्यक्ष नामित होने के बाद अपर्णा यादव से मुलाकात की थी। हालांकि मुलाकात के बाद मंत्री दयाशंकर सिंह ने ऐसी किसी भी बात से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वह आयोग में मिले पद को लेकर बिल्कुल भी नाराज नहीं हैं।

भाजपा में शामिल होने के बाद पहली बार मिली कोई जिम्मेदारी

अपर्णा यादव को भाजपा में शामिल हुए लगभग ढाई साल से ज्यादा का समय हो रहा है। लेकिन इस लंबे समय के अंतराल में अपर्णा को कभी भी कोई बड़ी जिम्मेदारी संगठन की ओर से नहीं मिला। अपर्णा साल 2017 में लखनऊ कैंट विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी की तरफ से चुनाव मैदान में उतरीं थीं। इसके बाद साल 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले वह भाजपा में शामिल हो गयी थीं।

भाजपा में शामिल होने के बाद अपर्णा ने लखनऊ कैंट से चुनाव लड़ने की इच्छा जतायी थी। लेकिन उन्हें भाजपा ने टिकट नहीं दिया। इसके बाद वह लखनऊ मेयर पद का चुनाव लड़ना चाहती थीं। लेकिन तब भी भाजपा ने उन्हें मौका नहीं दिया। अब भाजपा ने उन्हें राज्य महिला आयोग में उपाध्यक्ष बनाया है। लेकिन अपर्णा कद के हिसाब से पद न मिलने से खफा हैं।

Tags:    

Similar News