Lucknow Crime: इटौंजा में खेत पर मिला महिला का शव, दूर पड़े थे कपड़े, रेप फिर मर्डर की आशंका
Lucknow Crime: इटौंजा थानाक्षेत्र के अकडरिया गांव में खेत पर एक अज्ञात महिला की चार से पांच दिन पुरानी लाश मिली है। शव से कुछ ही दूरी पर एक मेड़ पर उसके कपड़े भी मिले हैं।;
इटौंजा में खेत पर मिला महिला का शव, दूर पड़े थे कपड़े, रेप फिर मर्डर की आशंका: Photo- Newstrack
Lucknow Crime: लखनऊ शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला इटौंजा थानाक्षेत्र के अकडरिया गांव का है। जहां खेत पर एक अज्ञात महिला की चार से पांच दिन पुरानी लाश मिली है। शव से कुछ ही दूरी पर एक मेड़ पर उसके कपड़े भी मिले हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शव की हालत से ऐसा लग रहा है जैसे पहले दुष्कर्म किया गया हो उसके बाद हत्या को अंजाम दिया गया हो। घटना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
चारा लेने खेत पर गए मालिक ने देखा था शव
इटौंजा थानाक्षेत्र के अकडरिया गांव में पालू नाई रहते हैं। वह आज चारा लाने के लिए अपने कर्वी के खेत में गए हुए थे। वह बैठकर कर्वी काट रहे थे तभी उनकी नजर कुछ ही दूरी पर पड़े शव पर गई। खेत में शव देखकर उनके होश उड़ गए। आनन फानन में उन्होंने घटना की सूचना ग्रामीणों के साथ ही इटौंजा पुलिस को दी। थोड़ी ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को तुरंत कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। साथ ही फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल के आसपास से साक्ष्यों को एकत्रित किया जबकि पुलिस ने उक्त जगह को सील कर दिया है।
दुष्कर्म की आशंका, साक्ष्य सुरक्षित
मौके पर पहुंचे ग्रामीण दबे शब्दों में महिला से दुष्कर्म की बात कह रहे हैं। हालांकि पुलिस आधिकारिक रूप से अभी कुछ भी कहने से बच रही है। महिला की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है और उसका शव करीब 5 दिन पुराना होने की उम्मीद है। अभी तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस कपड़े और शव के आधार पर शिनाख्त करने के प्रयास में जुटी हुई है। साथ ही शव को सबसे पहले देखने वाले पालू से भी जानकारी एकत्र की जा रही है। फिलहाल, पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल को सील करते हुए तफ्तीश शुरू कर दी है। आसपास के थानों में भी पहचान हेतु मृतका की डिटेल्स भेजी गई हैं। उसी के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।