Mahoba News: खेत में फसल बर्बादी और कर्ज से परेशान किसान ने फांसी लगाकर कर की आत्महत्या, बेटी की शादी की चिंता में भी था हताश
Mahoba News: 45 वर्षीय किसान राम प्रकाश पुत्र भान सिंह 14 बीघा कृषि भूमि का काश्तकार था। उसने अपने सात बीघा खेत में तिल और उड़द की फसल बोई थी, लेकिन दोनों ही फसलें नष्ट हो गईं। जिससे किसान खुद को मायूस महसूस कर रहा था;
Mahoba News (Pic- Newstrack)
Mahoba News: महोबा में 14 बीघा कृषि भूमि के मालिक एक किसान ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। किसान खेत में लगी उड़द और तिल की फसल बर्बाद होने से आहत था और साहूकारों के कर्ज और बेटी की चिंता से भी परेशान था। जिसके चलते उसने मौत को गले लगा लिया। किसान की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है और पुलिस आगे की कार्यवाही में जुटी है।
प्राकृतिक आपदा और कर्ज किसानों के लिए अभिशाप बन गया है। शहर कोतवाली क्षेत्र के करहराकलां गांव में एक किसान ने मौत को गले लगा लिया। बताया जाता है कि 45 वर्षीय किसान राम प्रकाश पुत्र भान सिंह 14 बीघा कृषि भूमि का काश्तकार था। उसने अपने सात बीघा खेत में तिल और उड़द की फसल बोई थी, लेकिन दोनों ही फसलें नष्ट हो गईं। जिससे किसान खुद को मायूस महसूस कर रहा था। मृतक के पुत्र कपिल बताता है कि उसके पिता पर साहूकारों का करीब आठ लाख रुपये का कर्ज था और उन्हें इस फसल से कर्ज चुकाने की उम्मीद थी, लेकिन फसल नष्ट होने से उसके पिता खुद को मायूस और चिंतित महसूस कर रहे थे। बेटे ने बताया कि उसकी बहन अर्चना की शादी भी इसी वर्ष होनी थी। जिसके चलते पिता अक्सर घर पर फसल नष्ट होने और कर्ज की बात करते थे। कपिल बताता है कि आज उसके पिता ने अचानक उस समय फांसी लगा ली जब घर पर कोई नहीं था। जब परिजन पहुंचे तो राम प्रकाश को फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए। किसान की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पुलिस आगे की कार्यवाही में जुटी हुई है।
इस मामले को लेकर नगर कोतवाल नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी जिसके आधार पर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है और जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे उसके आधार पर आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी।