Mahoba News : महिला मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली पलटी, 20 घायल, आरोपी ट्रैक्टर चालक फरार

Mahoba News : महोबा में महिला मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई, जिससे उसमें सवार 20 से अधिक महिला मजदूर घायल हो गईं। घायल महिलाओं को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।

Report :  Imran Khan
Update: 2024-08-16 10:39 GMT

Mahoba News : महोबा में महिला मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई, जिससे उसमें सवार 20 से अधिक महिला मजदूर घायल हो गईं। घायल महिलाओं को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सभी घायल एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो दैनिक मजदूरी के लिए ट्रैक्टर पर सवार होकर जा रहे थे। बताया जा रहा है ट्रैक्टर ट्राली में लगभग 40 मजदूर सवार थे।

जानकारी के मुताबिक, श्रीनगर कोतवाली क्षेत्र के सिजहरी गांव में रहने वाले 40 महिला मजदूर खेत में मूंगफली की निदाई करने लिए गांव के ही एक ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर घर से निकले थे। यह ट्रैक्टर ट्रॉली जैसे ही सूरा चौकी के पास पहुंचा कि अचानक तेज रफ्तार होने के चलते अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जाकर पलट गया। इस हादसे में सवार महिला मजदूरों में चीख पुकार मच गई। मदद के लिए आस-पास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।


40 मजदूर सवार थे

स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राली में 40 महिला मजदूर सवार थे, जो खेत में दैनिक मजदूरी के लिए अपने गांव से निकले थे, लेकिन चालक की लापरवाही के चलते ट्रैक्टर-ट्राली के पलट जाने के कारण हादसा हुआ है। ट्रॉली में सवार 20 महिला मजदूर हादसे में घायल बताई जा रही हैं, जिनमें 15 की हालत गंभीर है। इन सभी घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती करा दिया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख सभी उपचार किया जा रहा है।


पहले भी हो चुके हादसे

बता दें कि इससे पहले भी सवारियों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली दुर्घटनाग्रस्त हो चुकी है, लेकिन इससे कोई सबक नहीं लिया गया। शासन और प्रशासन दोनों ही इसे लेकर सख्त हैं और कई बार लोगों से ट्रैक्टर ट्राली में सफर न करने की अपील कर चुके हैं और इस पर कार्यवाही भी हो रही है। इसके बावजूद भी लोग जागरुक नहीं हो रहे। बड़ी संख्या में ट्रैक्टर ट्राली में बैठकर सफर करने के कारण यह हादसा घटित हो गया।

Tags:    

Similar News