Meerut News: अमेरिका में बैठे एनआरआई से मांगी रंगदारी, बदन सिंह बद्दो पर मुकदमा दर्ज

Meerut News: मेरठ के कुख्यात फरार बदमाश बदन सिंह बद्दो पर अमेरिका के कैलिफोर्निया में रहने वाले एनआरआई कमलजीत सिंह पंवार से रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।

Update:2026-11-19 23:05 IST

Meerut News

Meerut News: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात फरार बदमाश बदन सिंह बद्दो की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। अमेरिका के कैलिफोर्निया में रह रहे एनआरआई कमलजीत सिंह पंवार से कथित तौर पर रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में टीपीनगर पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले से जुड़ा एक ऑडियो कुछ दिन पहले प्रसारित हुआ था। जांच में प्रथम दृष्टया ऑडियो की सत्यता की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, बदन सिंह बद्दो पुत्र चरण सिंह बद्दो मूल रूप से मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र के बेरीपुरा का निवासी है। वह लंबे समय से फरार चल रहा है और उस पर इनाम घोषित है। कुछ दिन पहले एक ऑडियो सामने आया था, जिसमें कथित तौर पर बद्दो को कैलिफोर्निया में रह रहे कमलजीत सिंह पंवार से अवैध रूप से रंगदारी मांगते और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देते हुए सुना गया था। ऑडियो प्रसारित होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया।

ऑडियो की जांच के बाद दर्ज हुआ मुकदमा

टीपीनगर पुलिस ने प्रसारित ऑडियो की जांच कराई। पुलिस का कहना है कि जांच में प्रथम दृष्टया ऑडियो की सत्यता की पुष्टि हुई। इसके बाद उपनिरीक्षक नीरज कुमार की तहरीर पर बदन सिंह बद्दो के खिलाफ टीपीनगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 600/2026 दर्ज किया गया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(5) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 के तहत कार्रवाई की गई है।पुलिस अब इस मामले से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। ऑडियो और उससे संबंधित अन्य तथ्यों की जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Tags:    

Similar News