Meerut News: मुलायम सिंह यादव पर टिप्पणी से गुस्साये सपाईयों का प्रदर्शन, उप मुख्यमंत्री को तत्काल बर्खास्त करने की मांग

Meerut News: प्रदर्शनकारी सपाइयों ने मांग उठाई कि पदम श्री मुलायम सिंह यादव पर अभद्र टिप्पणी करने वाले उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री को तत्काल बर्खास्त किया जाए और उनकी विधानसभा से सदस्यता समाप्त की जाए।;

Report :  Sushil Kumar
Update:2025-02-25 18:53 IST

Meerut News Today Demonstration of SP Angry Over Remarks on Mulayam Singh Yadav 

Meerut News: मेरठ, 25 फरवरी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक के खिलाफ समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का गुस्सा शांत नहीं हो रहा है। उनके द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव पर की गई टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को दर्जनों सपाईयों ने कलक्ट्रेट पर जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने एक ज्ञापन डीएम कार्यालय पर सौंपते हुए कार्रवाई करने की मांग की।

प्रदर्शनकारी सपाइयों ने मांग उठाई कि पदम श्री मुलायम सिंह यादव पर अभद्र टिप्पणी करने वाले उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री को तत्काल बर्खास्त किया जाए और उनकी विधानसभा से सदस्यता समाप्त की जाए। अन्यथा समाजवादी पार्टी नेताजी के सम्मान में सड़क से लेकर सदन तक लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन करेगी। जब तक उपमुख्यमंत्री को पद से नहीं हटाया जाएगा, तब तक आंदोलन अनवरत रूप से जारी रहेगा।

कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर रहे सपाइयों ने बताया कि पूरे देश में दो ही महान व्यक्तित्व ऐसे हुए हैं जिनको नेताजी की उपाधि प्राप्त हुई है। उनमें आजाद हिंद फौज के संरक्षक नेताजी सुभाष चंद्र बोस एवं दूसरे धरतीपुत्र मुलायम सिंह यादव हैं। मुलायम सिंह यादव ने समाज के गरीब दलित अल्पसंख्यक पिछड़ा व्यापारी किसान छात्र नौजवान महिला एवं मजदूर के अधिकारों की लड़ाई को एक गरीब परिवार से शुरू कर शिखर तक पहुंचाने का काम किया। लेकिन आज उनके निधन के दो साल बाद सांप्रदायिक और आस्था के नाम पर देश के ताने-बाने को क्षति पहुंचाने का काम कर रही प्रदेश की भाजपा सरकार उनका अपमान कर रही है।

सपा जिला अध्यक्ष विपिन चौधरी ने कहा कि जिस तरह से स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव को लेकर टिप्पणी की गई है वह बर्दाश्त योग्य नहीं है। उन्होंने कहा कि अपमान जनक टिप्पणी उत्तर प्रदेश के महत्वपूर्ण विभाग स्वास्थ्य विभाग के मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री द्वारा विधानसभा में की गई है। उससे पूरे देश के समाजवादियों, किसान और मजदूर तथा अल्पसंख्यक, दलित पिछड़ा वर्ग में भारी आक्रोश है। करोड़ों लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री द्वारा किया गया है। लेकिन नेता सदन के सामने अभद्र टिप्पणी करना भारतीय संविधान और विधानसभा सभा के भी सम्मानित सदस्यों का अपमान है। जिसको किसी कीमत पर समाजवादी पार्टी और नेताजी के समर्थक बर्दाश्त नहीं करेंगे।

इस मौके पर जिला कार्यालय प्रभारी निरंजन सिंह, सरदार जीतू सिंह नागपाल, रविंद्र प्रेमी, नेहा गौड़, संगीता राहुल, मृदुला यादव रहीं। दूसरी ओर, सपा नेता बाबर चौहान खरदौनी एवं जिला पंचायत सदस्य सम्राट मलिक ने भी आक्रोश जताया। सपा नेत्री नेहा गौड़, संगीता राहुल ने कहा कि टिप्पणी बर्दाश्त योग्य नहीं है।

Tags:    

Similar News