Meerut News: कांवड़ यात्रियों के लिए हाईटेक इंतजाम, लॉन्च हुआ ये खास ऐप

Meerut News: मोबाइल ऐप से एक क्लिक पर उपलब्ध होगी, सभी सुविधाओं की जानकारी।

Update: 2023-07-05 08:25 GMT

Meerut News: देश में कांवड़ यात्रा की शुरुआत हो चुकी है, इस यात्रा के सकुशल प्रबंध के लिए मेरठ प्रशासन ने इस बार हाईटेक इंतजाम किया है। प्रशासन ने कांवड़ यात्रियों को बेहतर जानकारी देने के लिए कांवड़ यात्रा मैनेजमेंट ऐप लॉन्च किया है। इस ऐप के जरिए कांवड़ यात्री चिकित्सा से लेकर कांवड़ सेवा शिविर जैसी कई जानकारियां ले सकेंगे।

चिकित्सा कैम्प से लेकर मंदिरों तक की मिलेगी जानकारी

मुख्य विकास अधिकारी शशांक चौधरी ने बताया कि जनपद में कांवड़ यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कांवड़ यात्रा ऐप का संचालन किया जा रहा है। इस ऐप में कांवड़ियों के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं को अंकित किया गया है। इसमें मुख्य रूप से चिकित्सा कैम्प, हॉस्पिटल्स, कांवड़ सेवा शिविर, पुलिस केंद्र और मंदिरों को दर्शाया गया है। उन्होंने आगे बताया कि प्रत्येक वर्ष लगभग 2.5 करोड़ कांवरिये हरिद्वार से जल लेकर अपने-अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए जनपद मेरठ से गुजरते है। कांवड़ यात्रा के दौरान कई बार अपरिहार्य घटनाएं घटित हो जाती हैं, जिससे कांवड़ वालों को बहुत असुविधा का सामना करना पड़ता है। इसको मद्देनजर रखते हुये जिला प्रशासन द्वारा सुगम कांवड़ मेरठ मोबाइल ऐप विकसित करायी गयी है। जिससे कांवड़ यात्रा के दौरान सभी कांवरियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़ें। इस मोबाइल ऐप (sugamkawadmeerut.com) के माध्यम से कांवरियों को एक क्लिक मात्र से ही कांवड़ मार्ग पर चिकित्सा कैम्प, सहायता, पुलिस सहायता, प्रशासनिक अधिकारियो के दूरभाष नंबर, खान-पान के लिए होटल-ढाबों, शौचालयों एवं सीएनजी-पैट्रोल पम्प की लोकेशन प्राप्त हो जायेगी, जिससे कांवड़ वालों को किसी भी समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। गौरतलब है कि इस बार सावन करीब दो महीने तक चलना है। इस दौरान भोलेनाथ की भक्ति में कांवड़ लेकर निकलने वालों के बड़ी संख्या में विभिन्न मंदिरों में पहुंचने का अनुमान है। इसी को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पुख्ता इंतजाम करना में जुटा हुआ है।

Tags:    

Similar News