Meerut News: मुठभेड़ के बाद हस्तिनापुर डबल मर्डर के दो आरोपी दबोचे, लगी गोली

Meerut News: 23 जुलाई को हस्तिनापुर में पाली गांव निवासी अरविंद और सुरेंद्र की गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। वारदात को अरविंद के सौतेले बेटे दिपांशु ने अपने ताऊ संजय और उसके परिवार के साथ मिलकर अंजाम दिया था।

Update: 2023-07-25 06:05 GMT
Two Accused of Hastinapur Double Murder Case Shot in Encounter, Meerut

Meerut News: उत्तर प्रदेश की मेरठ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी। आज तड़के मेरठ पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद दो हत्याओं के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया है कि दोनों 23 जुलाई को डबल मर्डर को अंजाम देने के बाद से फरार थे। पुलिस को आज तड़के मकदूमपुर मवाना रोड मध्य गंगा नहर पुल पर आने की सूचना मिली थी।

पुलिस अधीक्षक देहात कमलेश ठाकुर ने आज सुबह हस्तिनापुर पुलिस के मिली कामयाबी की जानकारी देते हुए बताया कि 23 जुलाई को हस्तिनापुर में पाली गांव निवासी अरविंद और सुरेंद्र की गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। वारदात को अरविंद के सौतेले बेटे दिपांशु ने अपने ताऊ संजय और उसके परिवार के साथ मिलकर अंजाम दिया था। घटना के संबंध में वादी सरजीत पुत्र धूम सिंह निवासी ग्राम पाली थाना हस्तिनापुर जनपद मेरठ की तहरीर सूचना के आधार पर थाना हस्तिनापुर में मुअस 159/2023 धारा 147/148/149/302/307/34 भादवि में मुकदमा पंजीकृत किया गया था।

पुलिस अधीक्षक देहात के अनुसार घटना में वांछित अभियुक्त प्रिन्स व दीपांशु के बारे में हस्तिनापुर पुलिस को आज तड़के सूचना मिली कि दोनों मकदूमपुर मवाना रोड मध्य गंगा नहर पुल पर आने वाले हैं। इस सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को मौके पर पहुंच कर घेर लिया। फरार होने की कोशिश में दोनों अभियुक्तों द्वारा पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई। पुलिस पार्टी द्वारा आत्मरक्षार्थ फायरिंग में दोनों बदमाश घायल हो गये। बदमाशों को घटनास्थल पर ही प्राथमिक उपचार देकर इलाज के लिए मवाना सरकारी अस्पताल रवाना किया गया। अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो 12 बोर के देशी तंमचे, कारतूस 12 बोर व मोटरसाइकिल बरामद हुई है। अभियुक्तों के विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

Tags:    

Similar News