Meerut News: आधे अधूरे मेरठ-पौड़ी नेशनल हाईवे पर टोल वसूली के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी

Meerut News: राष्ट्रीय जाट महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित जाखड़ ने टोल वसूली के खिलाफ कल भैंसा के सामने फीस प्लाजा पर लोंगो के पहुंचने और आंदोलन करने की अपील की है।

Report :  Sushil Kumar
Update: 2024-07-02 06:09 GMT

Meerut Pauri National Highway Toll Plaza (Pic: Social Media)

Meerut News: बहसूमा-मेरठ के बीच छोटा मवाना और किरतपुर-नजीबाबाद के बीच टोल प्लाजा पर टोल की वसूली को लेकर स्थानीय लोंगो में आक्रोश है। भारतीय किसान यूनियन की स्थानीय शाखा ने कहा है कि आधे अधूरे हाईवे पर टोल की वसूली अगर नहीं रोकी गई तो भाकियू आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी। वहीं राष्ट्रीय जाट महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित जाखड़ ने टोल वसूली के खिलाफ कल भैंसा के सामने फीस प्लाजा पर लोंगो के पहुंचने की अपील की है।

टोल न देने की कही बात

रोहित जाखड़ ने आज कहा कि आज सुबह से भैंसा पर टोल शुरू हो रहा है अभी तक रोड पूरी नहीं बनी। जब तक रोड पूरी नहीं बनेगी और सभी सुविधाएँ पूर्ण नहीं होगी लोकल 20 किमी तक रहने वाले लोगों को टोल से मुक्त नहीं करेंगे तब तक कोई टोल नहीं दिया जाएगा। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों व इलाके के किसानों से कल सुबह साढ़े सात बजे तक भैंसा के सामने फीस प्लाजा पर एकत्र होने को कहा है। रोहित जाखड़ के अनुसार आगे की रणनीति वहीं बनाई जाएगी।

बनाए गए हैं दो टोल प्लाजा

बता दें कि मेरठ से बहसूमा और बिजनौर से नजीबाबाद तक हाईवे को फोरलेन में तब्दील कर लिया गया है। इस हाईवे पर दो जगहों पर टोल प्लाजा बनाए गए हैं। इनमें एक टोल प्लाजा बहसूमा और मेरठ के बीच छोटा मवाना के पास है, जबकि दूसरा किरतपुर और नजीबाबाद के बीच भनेड़ा हैं। इन दोनों प्लाजा पर टोल की वसूली के लिए नेशनल हाईवे प्राधिकरण ने टेंडर भी जारी कर दिया है। आज से बहसूमा-मेरठ के बीच छोटा मवाना और किरतपुर-नजीबाबाद के बीच भनेड़ा में टोल प्लाजा पर टोल की वसूली चालू होनी है। जिसका की स्थानीय लोग विरोध कर रहे हैं।

आंदोलन की चेतावनी

भाकियू अराजनैतिक की युवा विंग के प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह ने कहा कि आधे अधूरे हाईवे पर टोल की वसूली अगर नहीं रोकी गई तो भाकियू आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी। किसान नेता का कहना है कि स्वाहेड़ी और किरतपुर बाईपास का निर्माण अधूरा है। ऐसे में टोल प्लाजा चालू करना गलत है।  

Tags:    

Similar News