UP By Election: उपचुनाव को लेकर BJP की बड़ी बैठक, शाह-नड्डा और योगी भी रहेंगे मौजूद, 10 सीटों पर होगा मंथन

UP By Election: बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा दो दोनों डिप्टी सीएम, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह भी हिस्सा लेंगे।

Report :  Anshuman Tiwari
Update:2024-10-13 09:00 IST

UP By Election (Pic: Social Media)

UP By Election: उत्तर प्रदेश में 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में भाजपा ने पूरी ताकत लगा रखी है। सपा-कांग्रेस गठबंधन को झटका देने के लिए पार्टी उपचुनाव को काफी अहमियत दे रही है। यूपी उपचुनाव की रणनीति पर चर्चा करने के लिए आज राजधानी दिल्ली में बड़ी बैठक होने वाली है। इस बैठक में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहेंगे। बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत प्रदेश के सभी बड़े नेताओं को तलब किया गया है।

बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा दो दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व बृजेश पाठक, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह भी हिस्सा लेंगे। जानकारों का मानना है कि इस बैठक में उत्तर प्रदेश के उपचुनाव की रणनीति पर चर्चा के साथ ही उम्मीदवारों के नामों पर भी चर्चा की जा सकती है। लोकसभा चुनाव में झटका लगने के बाद यूपी उपचुनाव बीजेपी के लिए काफी अहम माना जा रहा है। इसलिए पार्टी कोई कसर बाकी नहीं छोड़ना चाहती है। 

उपचुनाव बीजेपी के लिए प्रतिष्ठा की जंग

लोकसभा चुनाव के दौरान उत्तर प्रदेश में सपा-कांग्रेस गठबंधन ने भाजपा को करारा झटका दिया था। सपा ने 37 और कांग्रेस ने 6 सीटों पर जीत हासिल करते हुए भाजपा को पीछे छोड़ दिया था। उत्तर प्रदेश में लगे झटके के कारण भाजपा इस अपने दम पर स्पष्ट बहुमत नहीं हासिल कर सकी थी। उत्तर प्रदेश को सियासी नजरिए से प्रदेश में सबसे अहम माना जाता है और अब पार्टी प्रदेश में अपनी पकड़ कमजोर नहीं पड़ने देना चाहती।

यही कारण है कि उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव को पार्टी ने प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन विधानसभा क्षेत्रों का पहले ही दौरा कर चुके हैं। उधर समाजवादी पार्टी भी लोकसभा चुनाव के दौरान मिली जीत से पैदा हुए उत्साह को कमजोर नहीं पड़ने देना चाहती। सपा ने छह विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी पहले ही घोषित कर दिए हैं। हालांकि कुछ सीटों को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच अभी तक पेंच फंसा हुआ है।

बैठक में प्रत्याशियों के नामों पर होगी चर्चा

प्रदेश में होने वाले उपचुनाव पर चर्चा के लिए आज दिल्ली में होने वाली बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। यही कारण है कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की ओर से प्रदेश के सभी बड़े नेताओं को दिल्ली तलब किया गया है। विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान जल्द ही होने वाला है और ऐसे में पार्टी का शीर्ष नेतृत्व कोई कसर बाकी छोड़ना नहीं चाहता। जानकार सूत्रों का कहना है कि इस बैठक के दौरान उपचुनाव के दौरान अपनाई जाने वाली रणनीति पर गहराई से मंथन किया जाएगा। इसके साथ ही उम्मीदवारों के नाम पर भी चर्चा होगी। भाजपा की प्रदेश इकाई इस बाबत पहले ही चर्चा कर चुकी है। सभी सीटों पर तीन-तीन नामों का पैनल तैयार किया गया है। सपा की ओर से छह प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किए जाने के बाद भाजपा भी जल्द ही उम्मीदवारों की घोषणा करने में जुटी हुई है।

इन दस सीटों पर होने वाला है उपचुनाव

उत्तर प्रदेश की जिन 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है उसमें मिल्कीपुर, ⁠कटेहरी, सीसामऊ, ⁠करहल, ⁠खैर, ⁠मंझवा, ⁠फूलपुर, ⁠गाजियाबाद शहर, ⁠मीरापुर और ⁠कुंदरकी सीट शामिल हैं। जानकारों का कहना है कि मुजफ्फरनगर की मीरापुर सीट राष्ट्रीय लोकदल के खाते में जाने की संभावना है। इसलिए भाजपा की ओर से 9 सीटों पर प्रत्याशियों के नामों का मंथन किया जाएगा। इनमें यादव परिवार का गढ़ माने जाने वाली करहल सीट, मुस्लिम बहुल कुंदरकी और कानपुर की सीसामऊ सीट पर भाजपा को सपा से कड़ी चुनौती मिल रही है।

सीएम योगी के लिए उपचुनाव काफी अहम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार का एक चरण पूरा कर लिया है। मुख्यमंत्री योगी ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में 5000 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया है। लोकसभा चुनाव में भाजपा के पिछड़ने के बाद यूपी उटचुनाव योगी आदित्यनाथ के लिए काफी अहम माने जा रहे हैं और इसीलिए उन्होंने पूरी ताकत झोंक रखी है। माना जा रहा है कि आज भाजपा की बैठक के बाद पार्टी उपचुनाव के लिए पूरी ताकत झोंक देगी।

Tags:    

Similar News