चैम्बर में घुसकर डा. बंसल को मारी गोली, इलाज के लिए ले जाते समय हुई मौत

डा. अश्विनी कुमार बंसल जार्जटाउन थाना क्षेत्र के अमरनाथ झां मार्ग पर रहते थे। डा. बंसल का कीडगंज थाना क्षेत्र के बाई का बाग में जीवन ज्योति हास्पिटल है।

Update: 2017-01-13 04:33 GMT

इलाहाबादः शहर के जाने-माने सर्जन एवं जीवन ज्योति हास्पिटल के प्रबंध निदेशक डा. एके बंसल को गुरूवार की रात उनके चैम्बर में घुसकर एक युवक ने गोली मार दी। गोली उनके कनपटी, कंधे एवं सिर में लगी थी। गम्भीरावस्था में उन्हें पहले उनके अस्पताल में भर्ती कराया गया, फिर वहां से मेडिकल चौराहे के पास स्थित कृति स्कैनिंग सेंटर ले जाया गया। जहां से बाद में उन्हें पीजीआई के लिए रेफर कर दिया गया था पर रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

क्या है मामला?

-डा. अश्विनी कुमार बंसल (59) जार्जटाउन थाना क्षेत्र के अमरनाथ झां मार्ग पर रहते थे।

-डा. बंसल का कीडगंज थाना क्षेत्र के बाई का बाग में जीवन ज्योति हास्पिटल है।

-वह नगर के जाने-माने सर्जन हैं। वह रोज अपने हास्पिटल में सात बजे से मरीजों को देखते हैं।

-गुरूवार की शाम को वह 6.35 बजे ही हास्पिटल पहुंच गए थे।

-वह अपने चैम्बर में मरीजों को देख रहे थे।

-उसी समय दो लोग आए। एक व्यक्ति चैम्बर के बाहर खड़ा हो गया

-एक आदमी अंदर घुस गया और डॉक्टर को गोली मार दी।

-उस वक्त उनका वार्ड ब्वाय शैलेन्द्र पाठक अंदर था।

क्या कहते हैं शैलेन्द्र?

-वह लडक़ा अंदर घुसा और पिस्टल निकालकर सीधे डा. बंसल की कनपटी पर सटाकर गोली मार दिया।

-जब वह उठने की कोशिश कर रहे थे, तभी उसने दो-तीन फायर और किया।

-एक गोली बांये कंधे में लगी। एक गोली सिर में लगी है, जबकि एक का निशाना चूक गया।

-फायरिंग की आवाज सुनकर जब तक हास्पिटल के लोग दौड़े तब तक वह भाग गया।

-डा. बंसल को गोली मारे जाने की सूचना से पूरे हास्पिटल में हडक़म्प मच गया।

-हास्पिटल की रिसेप्शनिस्ट रेनू ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर इलाकाई पुलिस के अलावा एसएसपी शलभ माथुर, डीआईजी विजय कुमार व आईजी डा. केएस प्रताप कुमार पहुंच गये। घायल डाक्टर को अस्पताल के ही आईसीयू में ले जाया गया। उनके कंधे व कनपटी में फंसी गोली मिल नहीं रही थी, इसलिए उन्हें लाद फांदकर मेडिकल चौराहा, जार्जटाउन के समीप स्थित कृति स्कैनिंग सेंटर ले जाया गया। जहां से उनका सिटी स्कैन कराया गया और उनको पीजीआई के लिए रेफर कर दिया गया पर रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

क्या कहते हैं एसएसपी शलभ माथुर?

-गोली मारने वालों के बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता।

-वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकालकर जांच की जा रही है।

-उन्होंने कहा डा. बंसल के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं।

-पूछताछ में पता चला है कि वह दोनों पैंट शर्ट पहने थे और गले में गमछा लपेटे हुए थे।

-एके बंसल की पत्नी डां वंदना बंसल भी डाक्टर हैं।

-वह वंदना वूमेंस हास्पिटल व अर्पित टेस्ट ट्यूब बेबी सेंटर चलाती हैं।

-वह शहर की जानी मानी महिला चिकित्सक हैं।

-डा. बंसल का शहर के जाने माने बिल्डर संजीव अग्रवाल से विवाद चल रहा था।

-अभी तीन महीने पहले ही डा. बसंल पर बम से हमला हुआ था।

-उसमें संजीव अग्रवाल पर मुकदमा दर्ज कराया गया था।

एडीजी दलजीत चौधरी ने क्या कहा?

इलाहाबाद में हुई डॉक्टर की हत्या के मामले में पूरी जांच कराई जाएगी। इसमें शामिल लोगों को जल्द से जल्द अरेस्ट किया जाएगा। पुलिस को इस मामले में कई एंगल्स मिले हैं। जिसपर कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News