Moradabad News: घर वालों ने लगाया हत्या का आरोप, कब्र खोदकर निकाला गया महिला का शव

Moradabad News: पुलिस ने एक महिला का शव कब्र से निकालवा कर पोस्टमार्टम कराने के लिए भेजा। महिला के परिजनों ने पुलिस में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने महिला की हत्या कर उसके शव को दफना दिया है।

Report :  Sudhir Goyal
Update:2024-09-24 19:52 IST

Moradabad News: मुरादाबाद के थाना मुंडा पांडे क्षेत्र में मंगलवार को दोपहर बाद थाना पुलिस ने एक महिला का शव कब्र से निकालवा कर पोस्टमार्टम कराने के लिए भेजा। महिला के परिजनों ने पुलिस में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने महिला की हत्या कर उसके शव को दफना दिया है। जनपद मुरादाबाद के थाना मुंडापांडे क्षेत्र के गांव कगरहेटा गांव का मामला है।

मामला आज से लगभग 15 दिन पूर्व का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि आज से 15 दिन पहले इसी गांव की रहने वाली अंजुम नाम की महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। तब उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया था और उसके मायके वालों को देर से खबर दी गई थी। जब महिला के परिजन महिला के गांव तक पहुंचे तबतक महिला अंजुम के ससुराल वाले उसका अन्तिम संस्कार करके घर लौट रहे थे। पूछने पर ससुराल वालों ने गर्मी के कारण शव खराब होने बात कही थी।

 पुलिस ने शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा

परंतु मृतका के माता-पिता को शक है कि उसके ससुराल वालों ने उसे मार दिया है। इसी के मद्देनजर मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाते हुए डीआईजी मुरादाबाद को शिकायती पत्र सौंपा था। डीआईजी के आदेश पर पुलिस ने शव को कब्र से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

मृतका के भाई का आरोप है कि उसकी बहन ने मरने से पहले फोन किया था कि उसे मारा जा रहा है और फिर तीन घंटे बाद ही हमें खबर मिली कि हमारी बहन अंजुम की मौत हो गई है और जब तक हम उसके गांव पहुंचे तो वो लोग उसे दफना कर आ रहे थे।

Tags:    

Similar News