Moradabad News: सिपाही ने शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म, वीडियो भी बनाया
Moradabad News: मूंढापांडे थाना क्षेत्र निवासी युवती ने भगतपुर क्षेत्र निवासी एक सिपाही पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।;
constable raped a woman on pretext of marriage In Mundhapande police station Moradabad news in hindi (Photo: Social Media)
Moradabad News: मूंढापांडे थाना क्षेत्र निवासी युवती ने भगतपुर क्षेत्र निवासी एक सिपाही पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने उसकी अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देकर उसका शोषण किया। अब उसने शादी करने से इंकार कर दिया है। अब वह उस पर पांच लाख में मामला निपटाने का दबाव बना रहा है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
मूंढापांडे थाना क्षेत्र निवासी युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि छह साल पहले वह नाबालिग थी। उस समय भगतपुर गांव निवासी मोनू आर्या का उसके घर आना-जाना था। युवती के मुताबिक मोनू ने उसे बहला-फुसलाकर शादी का प्रस्ताव रखा। उसने पीड़िता के माता-पिता से भी शादी के लिए बात की। पीड़िता के मुताबिक 7 जुलाई 2019 को दोपहर करीब ढाई बजे उसके माता-पिता घर से बाहर गए हुए थे। उसी समय मोनू आर्या घर आया। उसने पीड़िता के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। आरोप है कि पिछले पांच साल से आरोपी मोनू आर्या पीड़िता को अपनी पत्नी बताकर उसका यौन शोषण कर रहा है।
आरोपी ने अपने मोबाइल में पीड़िता का अश्लील वीडियो भी बना लिया। आरोपी के भाई और बहन ने उससे शादी कराने का भी वादा किया था। पीड़िता के मुताबिक इसी दौरान वर्ष 2021 में मोनू आर्या का चयन यूपी पुलिस में कांस्टेबल के पद पर हो गया। वर्तमान में वह सीतापुर में तैनात है। पीड़िता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि करीब दो माह पहले मोनू आर्या सीतापुर से उसके घर आया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने शादी करने से इनकार कर दिया।
मामले में पंचायत हुई तो आरोपी मोनू आर्या, उसके भाई राहुल और रजनी ने पीड़िता के माता-पिता और गांव के गणमान्य लोगों से पांच लाख रुपये लेकर मामला निपटाने की बात कही। जिसके बाद पीड़िता ने पुलिस से गुहार लगाई। इस संबंध में एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी मोनू आर्या के खिलाफ मूंढापांडे थाने में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।