Moradabad News: झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से गर्भवती महिला की मौत! परिजनों का आरोप

Moradabad News: मृतक महिला के पति भारत सिंह ने बताया कि उन्होने अपनी पत्नी को बुधवार शाम करीब सात बजे न्यू होप हॉस्पिटल में भर्ती करवाया था, जहां आपरेशन के दौरान मौत हो गई।

Report :  Sudhir Goyal
Update:2023-12-01 09:28 IST

मृतक महिला का पति भारत सिंह (Newstrack)

Moradabad News: यूपी के मुरादाबाद जनपद के मुंडापांडे क्षेत्र मे बड़े अंडरपास के पास बने न्यू होप हॉस्पिटल में डॉक्टरों की लापरवाही के चलते एक गर्भवती महिला की मौत हो गई, महिला की मौत के बाद डॉक्टर और पूरा स्टाफ हॉस्पिटल से फरार हो गया। मृतक महिला के परिजनों ने बताया कि न्यू होप हॉस्पिटल के झोलाझाप डॉक्टर ने गर्भवती महिला की जान ले ली। ये गंभीर आरोप मृतक महिला के परिजनों ने लगाए है।

 मृतक महिला के पति भारत सिंह ने बताया कि उन्होने अपनी पत्नी महावती को बुधवार शाम करीब सात बजे न्यू होप हॉस्पिटल में भर्ती करवाया था। डॉक्टरों ने इलाज करना शुरु कर दिया और रात के साढ़े ग्यारह बजे आपरेशन करने की बात कही। डॉक्टरो ने कहा कि जल्दी से आपरेशन करवा लें, इससे जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ रहेंगे। महिला के पति भारत सिंह ने डॉक्टरों की बात पर गर्भवती पत्नी का आपरेशन करवा दिया, लेकिन आपरेशन के दौरान ही महिला की मौत हो गई।


न्यू होप हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने आनन-फानन में महिला को निजी एंबुलेंस के द्वारा कोहिनूर चौराहे पर किसी अस्पताल में भेज दिया। एंबुलेंस चालक मृतक महिला को कोहिनूर चौराहे पर किसी अस्पताल में छोड़कर भाग गया, जब परिवार वालों ने न्यू होप हॉस्पिटल में आकर देखा तो स्टाफ और डॉक्टर मौके से फरार हो चुके थे। जिसके बाद एंबुलेंस की मदद से मृतक महिला को न्यू होप हॉस्पिटल मुंडापांडे लाया गया, जहां मृतक महिला के परिजनों ने जमकर हंगामा किया।

मृतक महिला के परिजनों ने बताया कि मुंडापांडे क्षेत्र में अधिकारियों की मिली भगत से बड़े-बड़े अस्पताल अवैध रूप से चल रहे हैं, उन पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती और जो छोटे हॉस्पिटल चल रहे हैं उनके ऊपर अधिकारियों द्वारा कार्रवाई की जाती है। अब देखना यह होगा कि कब तक मुरादाबाद मुख्य चिकित्साधिकारी इस मामले को संज्ञान में लेकर इन बड़े-बड़े अवैध अस्पतालो की जांच करवाकर कार्रवाई करते हैं।  

Tags:    

Similar News