Moradabad: एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा धोखाधड़ी मामले में 3 के खिलाफ कुर्की के आदेश, अगली सुनवाई 28 फरवरी को

Sonakshi Sinha Fraud Case: इवेंट मैनेजर ने सोनाक्षी सिन्हा से 2018 में एक कार्यक्रम के लिए समय मांगा था। आरोप है कि 36 लाख रुपए लेने के बाद सोनाक्षी सिन्हा व उनके सलाहकार ने कार्यक्रम में आने से मना कर दिया था।

Report :  Sudhir Goyal
Update: 2024-02-07 14:55 GMT

सोनाक्षी सिन्हा (Social Media)

Moradabad News: फिल्म एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा (Sonakshi Sinha) की मैनेजर मालविका पंजाबी (Malvika Panjabi), धोमिल ठक्कर और एड गर्ल शकारिया के खिलाफ मुरादाबाद की सेशन कोर्ट ने कुर्की के आदेश जारी किए हैं। इन सभी लोगों पर सोनाक्षी सिन्हा के नाम पर लाखों रुपए लेकर धोखाधड़ी करने के आरोप लगे हैं।

क्या है मामला?

मुरादाबाद जिले के थाना कटघर क्षेत्र शिवपुरी निवासी प्रमोद शर्मा इवेंट मैनेजर हैं। उन्होंने 22 फरवरी, 2019 को कटघर थाने में सोनाक्षी सिंहा सहित अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया था। दरअसल, प्रमोद शर्मा ने सोनाक्षी सिन्हा से कार्यक्रम के लिए समय मांगा था। कार्यक्रम दिल्ली में 30 सितंबर, 2018 होना था। आरोप है कि 36 लाख रुपए लेने के बाद सोनाक्षी सिन्हा व उनके सलाहकार ने कार्यक्रम में आने से मना कर दिया था। आरोप है कि 36 लाख रुपये भी नहीं लौटाए गए।

सोनाक्षी समेत 5 के खिलाफ धोखाधड़ी-गबन की FIR दर्ज

पीड़ित पक्ष ने कटघर थाने में सोनाक्षी सिन्हा समेत पांच के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन की एफआईआर दर्ज करायी थी। वादी के वकील पीके गोस्वामी के मुताबिक, जांच में सभी आरोपी दोषी पाए गए हैं। एसीजेएम प्रथम सचिन दीक्षित ने सोनाक्षी सिंहा के अलावा तीन आरोपियों मालविका पंजाबी, एड गर्ल शकारिया और धूमिल ठक्कर के खिलाफ धारा- 82 की कार्रवाई करते हुए कुर्की करने के आदेश दिए हैं। इस मामले में अभिषेक सिन्हा के पहले ही गैर जमानती वारंट जारी हो चुके हैं। अब इस मामले में अगली सुनवाई 28 फरवरी को होगी

सोनाक्षी को हाईकोर्ट से 28 फरवरी तक अरेस्ट स्टे

फिल्म अदाकारा सोनाक्षी सिन्हा पर दर्ज धोखाधड़ी मामले में अदालत ने सख्ती अपनाते हुए उनकी मैनेजर मालविका पंजाबी के साथ धोमिल ठक्कर और एड गर्ल शकारिया के खिलाफ कुर्की के आदेश जारी किए हैं। इन सभी पर सोनाक्षी सिंहा के नाम पर लाखों रुपये लेकर धोखाधड़ी करने का आरोप है। याद रहे कि इस मामले में फिल्म अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा को हाईकोर्ट से 28 फरवरी तक का अरेस्ट स्टे मिला हुआ है। माना जा रहा है कि 28 के बाद सोनाक्षी के खिलाफ भी सख्त आदेश जारी किया जाएगा

Tags:    

Similar News