Lucknow News: नगर निगम ने की अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई: 20 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति हुई कब्जा मुक्त
नगर आयुक्त इन्द्रजीत सिंह के निर्देश पर नगर निगम ने सोमवार को बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया गया।;
Lucknow News: Photo-Social Media
Lucknow News: नगर आयुक्त इन्द्रजीत सिंह के निर्देश पर नगर निगम ने सोमवार को बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इस अभियान में अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव और तहसीलदार अरविन्द कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में नगर निगम की निहित भूमि पर अवैध कब्जों को हटाया गया।
बता दें कि कार्रवाई नगर निगम के नायब तहसीलदार रत्नेश कुमार श्रीवास्तव और तहसील-सरोजनी नगर के नायब तहसीलदार वीरेन्द्र कुमार प्रजापति की निगरानी में की गई। इस दौरान थानाध्यक्ष, थाना-सरोजनी नगर द्वारा पुलिस बल और नगर निगम ईटीएफ बल की तैनाती की गई। तहसील-सरोजनी नगर के राजस्व निरीक्षक अशोक कुमार, नगर निगम के लेखपाल अजीत तिवारी और तहसील-सरोजनी नगर के लेखपाल संजय शुक्ला भी मौके पर मौजूद थे। वहीं ग्राम अमौसी की गाटा संख्या 02, 21, 37, 38, 40, 79 और 94 पर स्थित नगर निगम की भूमि पर अवैध रूप से बनी बाउन्ड्री वॉल को हटा दिया गया, जिससे अब इस भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा नहीं है।
संपत्ति की मार्केट कीमत 20 करोड़ से अधिक
इस कार्रवाई से नगर निगम को अपनी भूमि वापस प्राप्त हुई, जिसकी मार्केट कीमत लगभग 20 करोड़ 5 लाख 74 हजार रुपये आंकी गई है। अब इस भूमि का उपयोग नगर निगम के निर्धारित उद्देश्यों के लिए किया जाएगा, और भविष्य में इस पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को रोकने के लिए कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
अतिक्रमण विरोधी अभियान जारी रखने का संकल्प
यह कार्रवाई नगर निगम द्वारा अवैध कब्जों के खिलाफ चलाए जा रहे लगातार अभियान का हिस्सा है। अधिकारियों और पुलिस बल के सहयोग से इस अभियान को बेहद सफलता मिली है और यह संकेत है कि भविष्य में भी नगर निगम अपनी संपत्तियों को अतिक्रमण से मुक्त रखने के लिए सख्त कदम उठाता रहेगा।