UP Politics: पल्लवी पटेल का बड़ा फैसला, राहुल गांधी के साथ 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' में आएंगी नजर

Bharat Jodo Nyay Yatra: समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव से खफा पल्लवी पटेल ने बड़ा फैसला लिया है। पल्लवी, राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो न्याय यात्रा में नजर आएंगी।

Written By :  aman
Update: 2024-02-15 12:06 GMT

पल्लवी पटेल और राहुल गांधी (Social Media)

Bharat Jodo Nyay Yatra In UP: समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) से नाराज अपना दल (कमेरावादी) की नेता और सपा विधायक पल्लवी पटेल (Pallavi Patel) ने बड़ा फैसला लिया। पल्लवी कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के नेतृत्व वाली 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' में उनके साथ नजर आएंगी। बता दें, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई वाली यह यात्रा 17 फरवरी को यूपी में प्रवेश करने जा रही है।

जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा यूपी में वाराणसी और चंदौली लोकसभा क्षेत्र होकर गुजरेगी। इस दौरान पल्लवी पटेल राहुल के साथ यात्रा में शामिल होंगी। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि, वाराणसी के गोदौलिया से पल्लवी पटेल यात्रा में शामिल होंगी। काशी विश्वनाथ मंदिर (Kashi Vishwanath Temple) में दर्शन-पूजन के बाद राहुल गांधी की यात्रा आगे बढ़ेगी। इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी गोदौलिया में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। पल्लवी पटेल तब राहुल गांधी के साथ नजर आएंगी। 

आजकल सपा से खफा हैं पल्लवी

पल्लवी पटेल इन दिनों समाजवादी पार्टी से नाराज चल रही हैं। इसलिए राहुल गांधी की यात्रा में उनके शामिल होने की खबर उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिए अहम हो जाता है। पल्लवी पटेल राज्यसभा उम्मीदवारों को लेकर अखिलेश यादव से नाराज हैं। स्वामी प्रसाद मौर्य (Swami Prasad Maurya) के राष्ट्रीय महासचिव पद से इस्तीफा देने के बाद पल्लवी पटेल ने भी पार्टी को लेकर खुलकर नाराजगी जाहिर की। दरअसल, पल्लवी ने सपा की ओर से एक्ट्रेस जया बच्चन (Jaya Bachchan) और आलोक रंजन (Alok Ranjan) को राज्यसभा प्रत्याशी बनाने पर आपत्ति जाहिर की थी। उन्होंने इसे पीडीए के साथ धोखा बताया।  

कौन हैं पल्लवी पटेल?

आपको बता दें कि, पल्लवी पटेल सोनेलाल पटेल की बेटी और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की छोटी बहन हैं। सोनेलाल पटेल यूपी में पिछड़ों के बड़े नेता रहे हैं। पल्लवी पटेल और अनुप्रिया पटेल की बीच राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई है। साल 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में पल्लवी पटेल ने सिराथू विधानसभा सीट से प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को हराया था। तब वो सपा के टिकट पर चुनाव लड़ी थीं। 

Tags:    

Similar News