Baghpat Crime News: पुलिस अभिरक्षा से दुष्कर्म पीड़िता हुई लापता, मिलने पर बोली- देवर के साथ गई थी

बागपत से एक मामला सामने आया है, जहां एक दुष्कर्म पीड़िता संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गयी।

Report :  Paras Jain
Published By :  Raghvendra Prasad Mishra
Update: 2021-09-07 13:12 GMT

क्राइम से संबंधित डिजाइन तस्वीर (फोटो-न्यूजट्रैक)

Baghpat Crime News: उत्तर प्रदेश के बागपत से एक मामला सामने आया है, जहां एक दुष्कर्म पीड़िता संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गयी। पुलिस अभिरक्षा में दुष्कर्म पीड़िता को जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था। हालांकि इस दौरान चर्चा ये फैल गयी कि पुलिस अभिरक्षा में लायी गयी महिला का कार सवार कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया। इस पर पुलिस विभाग में हड़कम्प मच गया और आनन फानन में आलाधिकारी भी घटना स्थल पर पहुँचे, पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने जगह जगह चेकिंग अभियान चलाया और महिला की सकुशल बरामदगी करने का प्रयास किया। आखिरकार कुछ समय बाद ही दुष्कर्म पीड़िता पुलिस को मिल गई। पूछताछ के बाद पता चला कि महिला अपने चेचेरे देवर के साथ स्वेच्छा से गई थी।

बता दें कि मामला बागपत जनपद के बालैनी थाना क्षेत्र के एक गांव का है। जहां बीती रात एक महिला ने दुष्कर्म का मुकदमा अपने ही परिवार के एक सदस्य के विरुद्ध दर्ज करवाया था। दुष्कर्म का आरोपी युवक रात से ही फरार था, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई थी। उक्त मामले में पुलिस ने आईपीसी की धारा 376 व 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। वहीं आज पीड़िता को पुलिस अभिरक्षा में एक महिला कांस्टेबल (मंजू) के साथ मेडिकल के लिए जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था। उसी समय बागपत कलक्ट्रेट के पास मेडिकल से पहले ही पीड़िता संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। पुलिस अभिरक्षा से महिला के लापता होने पर कार सवार लोगों द्वारा अपहरण करने की सूचना फैल गई।

सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में भी हड़कम्प मच गया। आनन फानन में आलाधिकारी मौके पर पहुँचे और महिला कांस्टेबल से पूरे मामले की जानकारी ली। सूचना पर महिला थानाध्यक्ष साक्षी सिंह, सीओ बागपत अनुज मिश्रा व एएसपी बागपत मनीष मिश्र भी पहुँचे। आलाअफसरों ने घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए महिला के परिजनों से भी मामले की जानकारी ली है। जनपद के सभी थानों की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। अलग-अलग सीमाओं पर पुलिस द्वारा चेकिंग कर महिला की बरामदगी का प्रयास भी किया गया। बताया गया है कि जिस महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है और जो उक्त मामले में आरोपी युवक है दोनों ही एक परिवार से है।

मामला पारिवारिक है इसीलिए पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है। कुछ ही समय पश्चात दुष्कर्म पीड़ित महिला पुलिस को मिल गयी। इसके बाद पुलिस ने महिला से गहनता से पूछताछ की तो महिला के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला साफ हो गया। इस मामले में एसपी बागपत नीरज कुमार जादौन ने बताया कि महिला ने थाना बालैनी में दुष्कर्म का मुकदमा अपने ही परिवार के एक सदस्य के विरुद्ध दर्ज करवाया था। इसी मामले में महिला का आज मेडिकल होना था, महिला को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल लाया जा रहा था। ठीक उससे पहले महिला अपनी स्वेच्छा से अपने देवर के साथ कहीं चली गयी। सूचना पर तत्काल चेकिंग की गई। महिला मिल गयी है और उसने पूछताछ में बताया है कि वह अपने चेचेरे देवर के साथ स्वेच्छा से गयी थी। महिला के पति ने भी इस बात की पुष्टि की है, अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

Tags:    

Similar News