Etah News: अखिलेश के करीबी पूर्व पंचायत अध्यक्ष पर 25000 का ईनाम घोषित, दर्जन भर से अधिक मुकदमा दर्ज

Etah News: सपा मुखिया अखिलेश यादव के नजदीकी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेन्द सिंह यादव पर अलीगंज थाने से पच्चीस हजार रुपए का पुरस्कार घोषित किया गया है।

Report :  Sunil Mishraa
Update: 2023-03-03 12:48 GMT

अखिलेश के करीबी एटा में पूर्व पंचायत अध्यक्ष जुगेन्द सिंह यादव पर 25000 का इनाम घोषित: Photo Social Media

Etah News: जनपद के थाना अलीगंज में सपा मुखिया अखिलेश यादव के नजदीकी और जिला पंचायत अध्यक्ष के पति लगभग एक वर्ष से फरार पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेन्द सिंह यादव पर अलीगंज थाने से पच्चीस हजार रुपए पुरस्कार घोषित किया गया है। पूर्व पंचायत अध्यक्ष जुगेन्द सिंह यादव पर दर्जन भर से अधिक मुकदमा दर्ज है। वह पिछले एक वर्ष से अधिक समय से फरार हो जिला प्रशासन के लिए चुनौती बन प्रदेश शासन की किरकिरी कर रहे हैं।

पिछले कुछ महीनों में जिला प्रशासन द्वारा जुगेन्द सिंह व उनके बड़े भाई रामेश्वर सिंह यादव सहित पूरे परिवार की करोड़ों की सम्पत्ति कुर्क कर जब्त की जा चुकी है। लेकिन लाख प्रयासों के बाद भी उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। वर्तमान में रामेश्वर सिंह यादव एटा जेल में बन्द हैं और जुगेन्द सिंह फरार।

पच्चीस हजार रुपए का इनाम घोषित

क्षेत्राधिकारी अलीगंज विक्रांत द्विवेदी ने बताया कि अलीगंज थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 294-2021 धारा 395 307 395 ख 323 506 में लगातार फरारी के चलते वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उदय शंकर सिंह के आदेश पर जुगेन्द सिंह पर थाना अलीगंज पुलिस ने पच्चीस हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।

दो बार चुनाव लड़ चुके हैं जुगेन्द सिंह यादव

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेन्द सिंह यादव सपा नेता प्रोफेसर रामगोपाल के रिश्तेदार भी हैं और वर्ष 2017 व 2022 के चुनावों में एटा विधानसभा से लगातार दो बार चुनाव लड़ चुके हैं और दोनों बार भाजपा के विपिन वर्मा डेविड से चुनाव हारे हैं किंतु दोनों बार ही वह दूसरे स्थान पर रहे हैं।

Tags:    

Similar News