UP दौरे पर प्रियंका गांधी, प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू समेत 500 नेताओं पर केस दर्ज

प्रियंका गांधी के मौन व्रत मामले में प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत 500 नेताओं पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

Written By :  Rahul Singh Rajpoot
Newstrack :  Network
Update:2021-07-17 21:56 IST

मौन व्रत पर बैठीं प्रियंका गांधी और कार्यकर्ताओं का हुजूम,

लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस में नई जान फूंकने यूपी पहुंचीं प्रियंका गांधी को देखकर उनके कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भर जाती है, ऐसा ही कुछ गुरुवार दोपहर को हुआ। जब प्रियंका एयरपोर्ट से हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर पहुंचीं तो हजारों कार्यकर्ताओं का हुजूम उनके स्वागत में उमड़ पड़ा। प्रियंका गांधी माल्यार्पण के बाद करीब दो घंटे तक मौन व्रत पर बैठी रहीं। इस मामले में अब लखनऊ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। हजरतगंज कोतवाली में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह लल्लू और सैकड़ों कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कांग्रेस नेताओं पर आरोप है कि उन्होंने धारा 144 का उल्लंघन किया है।

चौकी इंचार्ज की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

कांग्रेस नेताओं पर सचिवालय चौकी इंचार्ज बृजेश गिरी की तहरीर के आधार पर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 144 के उल्लंघन को लेकर मुकदमा दर्ज किया गया है। बता दें शुक्रवार दोपहर को लखनऊ पहुंचीं प्रियंका का जीपीओ पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि का कार्यक्रम था, इस कार्यक्रम के बाद वह प्रतिमा के सामने मौन धरना पर बैठ गईं। लखनऊ में धारा 144 लागू होने के बाद भी उनके समर्थकों ने इसकी तथा कोविड प्रोटोकॉल की कोई परवाह नहीं की। लखनऊ पुलिस ने इस कृत्य पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू सहित 500 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।लखीमपुर पहुंचीं प्रियंका गांधी

लखीमपुर खीरी में पीड़ित महिला से मिलीं प्रियंका गांधी

वहीं अपने दौरे के दूसरे दिन प्रियंका गांधी सुबह-सुबह लखनऊ से लखीमपुर खीरी के लिए रवाना हुईं। उन्होंने पसगवां गांव में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान चीरहरण का शिकार हुई अनीता सिंह से मुलाकात की। प्रियंका गांधी ने कहा कि लोकतंत्र का चीरहरण करने वाले भाजपा के गुंडे कान खोलकर सुन लें, महिलाएं प्रधान, ब्लॉक प्रमुख, विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री बनेंगी और उन पर अत्याचार करने वालों को शह देने वाली सरकार को शिकस्त देंगी। लोकतंत्र में महिलाओं को उनका अधिकार मिले। प्रियंका ने कहा कि नामांकन भरने आई महिला की पिटाई करना लोकतंत्र नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि यहां का ब्लॉक प्रमुख चुनाव रद्द किया जाए। यहां दोबारा चुनाव हो। जिम्मेदार लोगों को मालूम है कि यहां क्या कुछ गलत हुआ है। उन्हें पता है यह चुनाव का तरीका नहीं है। जिम्मेदार लोग ऐसी व्यवस्था को ठीक करें।

Tags:    

Similar News