Political News: मिशन 2024ः सपा ने कई सीटों पर टिकट किया फाइनल! चुनाव को लेकर तैयारियां की तेज

Political News: शिवपाल बोले-जल्द ही सभी सीटों के टिकट फाइनल किए जाएंगे। सपा लगभग 12 नेताओं को मैदान में उतारने का संकेत भी दे चुकी है। सपा अंदर ही अंदर लोकसभा की सीटों के लिए टिकट फाइनल करने में जुटी है।

Update: 2023-06-19 12:33 GMT
Pic Credit - Social Media

Political News: 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों में सभी दल जुट गए हैं। हर दल अपनी-अपनी गणित लगाने में लगे हैं। समाजवादी पार्टी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में तेजी से जुटी है। सपा ने 2024 के लिए बिसात बिछाना भी शुरू कर दिया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि हम चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। जल्द ही सभी सीटों के टिकट फाइनल किए जाएंगे। सपा लगभग 12 नेताओं को मैदान में उतारने का संकेत भी दे चुकी है। पार्टी अंदर ही अंदर यूपी की सभी सीटों के लिए टिकट फाइनल करने में जुटी है। अगस्त, सितम्बर तक सभी सीटों पर उम्मीदवार फाइनल कर दिए जाएंगे।

यहां से परिवार का ही कोई सदस्य होगा मैदान में-

सपा की गढ़ माने जाने वाली मैनपुरी, कन्नौज की सीटों पर मुलायम सिंह के परिवार का ही कोई सदस्य यहां से चुनाव लड़ेगा। मैनपुरी से अभी अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव सांसद हैं। वहीं कन्नौज से अखिलेश यादव खुद चुनाव लड़ सकते हैं। यहां से अखिलेश कई बार सांसद रह चुके हैं। कन्नौज से अभी भाजपा के सुब्रत पाठक सांसद हैं। वहीं आजमगढ़, फिरोजाबाद सीटों पर भी मुलायम परिवार का ही कोई सदस्य चुनाव लड़ेगा। माना जा रहा है कि फिरोजाबाद से रामगोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव फिर से अपना भाग्य आजमाएंगे। वहीं आजमगढ़ से शिवपाल यादव के लोकसभा चुनाव लड़ने की चर्चा है। बदायूं सीट को लेकर फिलहाल अभी कोई स्थिति स्पष्ट नहीं है। बदायूं से धर्मेन्द्र यादव सांसद रह चुके हैं। इस समय यह सीट भाजपा के पास है।

मुरादाबाद से नहीं बदलेगा प्रत्याशी!

मुरादाबाद से पार्टी के सांसद एसटी हसन ही 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। अभी तक यही संभावना दिख रही है। बलिया, मऊ, लखीमपुर के लिए भी पार्टी नेतृत्व इशारा कर चुका है। वहीं डुमरियागंज से भी पार्टी नेतृत्व किसे टिकट देगा इसका इशारा कर चुका है।

सपा के गढ़ माने जाते हैं ये क्षेत्र-

मैनपुरी, फिरोजाबाद, इटावा, कन्नौज, रामपुर, बदायूं, आजमगढ़, एटा ऐसे लोकसभा क्षेत्र हैं जो सपा का गढ़ माने जाते हैं। मैनपुरी को छोड़ दें तो 2014 और 2019 में सभा कई सीटों पर हार चुकी है। लेकिन 2024 में पार्टी अपने जनाधार वाली सीटों पर फिर से कब्जा जमाना चाहती है। इसी को देखते हुए सपा ने चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। शिवपाल यादव का यह बयान बहुत कुछ कहता है। अब किसको कहां से टिकट दिया जाएगा यह देखना होगा।

Tags:    

Similar News