Prayagraj News: प्रयागराज में फिर दहशत फैलाने की कोशिश! अतीक के वकील की गली में फेंका गया बम

Prayagraj News: यह देसी बम कटरा के गोबर गली में फेंका गया है। इसी गली में अतीक का वकील रहता है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। कहा जा रहा है कि यह बम दहशत फैलाने के उद्देश्य से फेंका गया है।

Update: 2023-04-18 16:54 GMT
Prayagraj bomb thrown outside atiq ahmed lawyer house (Photo-Social Media)

Prayagraj News: यूपी के प्रयागराज में फिर से दहशत फैलाने की कोशिश की गई। प्रयागराज की कटरा गोबर गली में एक देसी बम फेंका गया है। जिस गली में बम फेंका गया उसी गली में अतीक अहमद का वकील रहता है। फिलहाल इस देसी बम से कोई हताहत नहीं हुआ है। वहीं कर्नलगंज पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। कहा जा रहा है कि यह बम दहशत फैलाने के उद्देश्य से फेंका गया है। बम किसने फेंका और उसका मकसद क्या था इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस का कहना है कि इस बारे में पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही सब कुछ साफ हो जाएगा। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अतीक-अशरफ की हो चुकी है हत्या-

अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की 15 अप्रैल शनिवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। माफिया ब्रदर्स पर हमला उस समय किया गया था, जब पुलिस उन्हें मेडिकल चेकअप के लिए अस्पताल लेकर आई थी। उसी समय पत्रकार बनकर आए तीन हमलावरों ने अतीक और अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हमलावरों के नाम अरुण मौर्य, सनी और लवलेश तिवारी हैं। तीनों आरोपी इस समय पुलिस की हिरासत में हैं।

दो बेटे जेल में, पत्नी चल रही फरार-

अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन पर चार अपराधिक केस दर्ज हैं, वो उमेश पाल हत्याकांड में आरोपी है। हत्या के बाद से ही शाइस्ता फरार है। यूपी पुलिस ने उस पर इनाम रखा है। अतीक के बड़े बेटे मोहम्मद उमर पर दो मामले दर्ज हैं। सीबीआई ने 2 लाख का इनाम रखा जिसके बाद उसने सरेंडर किया था। वह इस समय लखनऊ जेल में बंद है।
अतीक के 5 बेटों में दूसरे नंबर का बेटा है मोहम्मद अली। उस पर 6 मामले दर्ज हैं। अली पर हत्या के प्रयास और 5 करोड़ की रंगदारी का आरोप है। उसके फरार होने के बाद पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम रखा था, जिसके बाद उसने 31 जुलाई 2022 को कोर्ट में सरेंडर कर दिया, फिलहाल अली नैनी सेंट्रल जेल में बंद है। अतीक के चैथे और पांचवें नंबर के बेटे नाबालिग हैं। उन्हें बाल संरक्षण गृह भेज दिया गया। दोनों अतीक के जनाजे में शामिल हुए थे। अतीक की बहन आयशा नूरी भी जुर्म की दुनिया में शामिल है। आयशा और उनकी बेटी उनाजिला पर शूटरों को पनाह देने का आरोप है।

Tags:    

Similar News