President Murmu UP Visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आज से दो दिवसीय यूपी दौरा, लखनऊ के बाद काशी में कार्यक्रम

President Murmu UP Visit: राष्ट्रपति मुर्मू सोमवार को वाराणसी का दौरा करेंगी। वे राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार लखनऊ के दौरे पर आ रही हैं।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-02-12 04:21 GMT

President Murmu UP Visit (photo: social media )

President Murmu UP Visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगी। रविवार को राजधानी में विविध कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद राष्ट्रपति मुर्मू सोमवार को वाराणसी का दौरा करेंगी। वे राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार लखनऊ के दौरे पर आ रही हैं।

वे लखनऊ में आयोजित उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के समापन समारोह में मुख्य अतिथि होंगी। शाम को लोकभवन मैं आयोजित कार्यक्रम के दौरान उनका नागरिक अभिनंदन भी किया जाएगा। राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर राजधानी लखनऊ और काशी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

लखनऊ में राष्ट्रपति का व्यस्त कार्यक्रम

राष्ट्रपति मुर्मू का आज राजधानी लखनऊ में काफी व्यस्त कार्यक्रम है। लखनऊ में 10 फरवरी से यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया गया है जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। आज राष्ट्रपति इस समिट का समापन करेंगी। इसके बाद लोकभवन में उनके भव्य नागरिक अभिनंदन की तैयारियां की गई हैं। नागरिक अभिनंदन के बाद वे राजभवन में आयोजित भोज में हिस्सा लेंगी और इसके बाद राजभवन में ही रात्रि विश्राम करेंगी।

सोमवार को राष्ट्रपति का जनजातीय समाज के लोगों से मुलाकात का कार्यक्रम है। इसके साथ ही वे प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं पर आधारित फिल्म का प्रस्तुतीकरण भी देखेंगी। सोमवार को राष्ट्रपति मुर्मू सुबह 10:30 बजे बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू के पहले लखनऊ दौरे के मद्देनजर स्वागत की जोरदार तैयारियां की गई हैं। सोमवार को दोपहर बाद वे वाराणसी के लिए रवाना होंगी।

बाबा का दर्शन और गंगा आरती में लेंगी हिस्सा

वाराणसी में भी राष्ट्रपति मुर्मू के दौरे के मद्देनजर कई दिनों से तैयारियां चल रही हैं। वाराणसी में राष्ट्रपति कालभैरव मंदिर और विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन करने के साथ ही दशाश्वमेध घाट पर आयोजित गंगा आरती में भी शामिल होंगी। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के दौरे के मद्देनजर पूरे शहर में रूट डायवर्जन की व्यवस्था लागू की गई है। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे डायवर्जन का पूरी तरह पालन कर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में मदद करें। शव वाहन और एंबुलेंस को रूट डायवर्जन के प्रतिबंधों से मुक्त रखा गया है।

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए दशाश्वमेध घाट पर भी कई दिनों से तैयारियां चल रही हैं। गंगा आरती स्थल पर राष्ट्रपति के बैठने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही दोपहर तीन बजे से गंगा में नौकायन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके साथ ही गंगा घाटों पर साफ सफाई और घाटों को चमकाने का काम भी चल रहा है। गंगा आरती में हिस्सा लेने के बाद राष्ट्रपति एयरपोर्ट के लिए निकलेंगी और वहां से दिल्ली रवाना हो जाएंगी।

Tags:    

Similar News