UP Election 2022: इस चुनाव में घरेलू पार्टियों का होगा सफाया, केंद्रीय मंत्री महेंद्रनाथ पांडेय का सपा पर निशाना

Chandauli News: चंदौली की सकलडीहा विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार के लिए वोट मांगने पहुंचे केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय ने सपा पर जमकर निशाना साधा और स्थानीय बीजेपी कार्यकर्ता को जीत का मंत्र दिया।

Written By :  Krishna Chaudhary
Report :  Ashvini Mishra
Published By :  Deepak Kumar
Update: 2022-02-22 14:37 GMT

केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय। 

Chandauli News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Election 2022) की लड़ाई का एपिसेंटर अब पश्चिम से पूर्व की तरफ शिफ्ट कर चुका है। यूपी की सियासत का अहम पड़ाव माने जाने वाले पूर्वांचल में चुनाव प्रचार जोर पकड़ चुका है। इसी पूर्वांचल में एक जिला है चंदौली, जहां बीजेपी ने पिछले बार यानि 2017 में जिले के चार में से तीन सीटों पर जीत का परचम लहराया था। लेकिन सकलडीहा विधानसभा सीट पर बीजेपी का विजय रथ सपा ने रोक दिया। इस बार भाजपा एकबार फिर इस सीट को अपने पाले में लान के लिए पूरा जोर लगा रही है। मोदी सरकार (Modi Government) में मंत्री और चंदौली से लोकसभा सांसद महेंद्र नाथ पांडेय (Lok Sabha MP Mahendra Nath Pandey) ने इसको लेकर मोर्चा संभाल लिया है। सकलडीहा विधानसभा सीट (Sakaldiha assembly seat) पर भाजपा उम्मीदवार के लिए वोट मांगने पहुंचे पांडेय ने सपा पर जमकर निशाना साधा और स्थानीय बीजेपी कार्यकर्ता को जीत का मंत्र दिया।

सपा प्रमुख पर बोला हमला

केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय (Union Minister Mahendra Nath Pandey) ने सपा सुप्रीमों औऱ पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (SP Chief Akhilesh Yadav) पर हमला बोलते हुए कहा कि अब तक के हुए चुनाव में घरेलू पार्टी का सफाया हो रहा है और भाजपा पहले से बेहतर परफारमेंस कर रही है। उन्होंने सपा द्वारा डिंपल यादव को स्टार प्रचारक बनाए जाने पर कहा कि सपा परिवारिक पार्टी है और परिवार के लोग ही सभी जगह रहते है। यह उनका अंदरूनी मामला है। उन्होंने चौथे चरण की 59 में से 50 सीटों पर जीत का दावा करते हुए कहा कि बीजेपी पहले से अच्छा प्रदर्शन इस बार कर रही है।

ओमप्रकाश राजभर की होगी हार

भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर आक्रमक तरीके से हमला करने वाले सुभाषपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर पर भी केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय (Union Minister Mahendra Nath Pandey) ने हमला बोला है। ओमप्रकाश राजभर के पूर्वांचल से भाजपा के सूपड़ा साफ होने के बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि इस बात की मैं गारंटी लेता हूं कि जहुराबाद से ओमप्रकाश राजभर का शिवपुर से अरविंद राजभर का सूपड़ा साफ हो रहा है। बीजेपी ने राजभर समाज के लिए अनेकों कार्य किए है। सुहेल देव जी के नाम पर ट्रेन चलाने उनके नाम पर स्मारक बनाने जैसे बड़े कार्य किए हैं।

सपा प्रत्य़ाशी पर भी केंद्रीय मंत्री ने साधा निशाना

सकलडीहा विधानसभा सीट (Sakaldiha assembly seat) से मौजूदा विधायक और एक बार फिर यहां से समाजवादी पार्टी का सिंबल पाने वाले प्रभुनारायण सिंह यादव पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि तीन बार विधायक होने के बावजूद वो सदन में कभी जनता की कठिनाईय़ों के प्रति गंभीर नहीं दिखे। उन्होंने कभी इस संबंध में कोई प्रश्न नहीं पूछा। इस दौरान उन्होंने सकलडीहा से भाजपा प्रत्याशी सूर्यमुनि तिवारी को जिताने के लिए सभी गिले-शिकवे दूर कर क्षेत्र के विकास के लिए वोट करने की अपील की।

सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र

चंदौली जिले (Chandauli District) की चार विधानसभा सीटों में से एक सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र का गठन 2012 के चुनाव से ठीक पहले हुआ था। यहां पहला चुनाव 2012 में ही हुआ। उस दौरान यहां माफिया बृजेश सिंह के भतीजे सुशील सिंह निर्दलीय चुनाव जीते थे। दरअसल इस सीट पर माफिया बृजेश सिंह के परिवार का प्रभाव माना जाता है। 2017 के विधानसभा चुनाव में वो बीजेपी के टिकट पर सैयदराजा विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ने चले गए, जहां उन्हें जीत भी हासिल हुई। वहीं सकलडीहा से बीजेपी ने सूर्यमुनि तिवारी को मैदान में उतारा। हालांकि वो सपा के प्रभुनारायण सिंह यादव के हाथों करीब 15 हजार वोटों के अंतर से चुनाव हार गए। 2017 में बीजेपी की लहर के बावजूद पार्टी इस सीट को नहीं जीत पाई। एकबार फिर भगवा दल ने सूर्यमुनि तिवारी पर भरोसा जताया है। जबकि उनके सामने एकबार फिर सपा से प्रभुनारायण सिंह यादव मैदान में हैं। बता दें कि सकलडीहा में सबसे अंतिम चरण यानि 7 मार्च को मतदान होगा।

देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Tags:    

Similar News