UP Election 2022: गोरखपुर में बोले अखिलेश- 'भाजपा के नेता उठक-बैठक करें या तेल मालिश, जनता माफ करने वाली नहीं है'

Gorakhpur: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर में ताबड़तोड़ सभाएं की।

Published By :  Vidushi Mishra
Update: 2022-03-01 14:46 GMT

अखिलेश यादव (फोटो-सोशल मीडिया)

Gorakhpur: सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर में ताबड़तोड़ सभाएं की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को निशाने पर लेते हुए कहा कि गोरखपुर में निकली सपा की ऐतिहासिक समाजवादी विजय रथ यात्रा से घबराकर बाबा मुख्यमंत्री को रोड शो निकालना पड़ा।


भाजपा के रोड शो में प्रशासन के सहयोग से जबरदस्ती भीड़ बुलाई गई, जबकि समाजवादी रथ यात्रा में लोग खुद चलकर आए। जिससे प्रदेश से भाजपा की सरकार हटा सकें। उन्होंने तंज किया कि भाजपा के नेता उठक-बैठक करें या तेल मालिश, अब जनता माफ करने वाली नहीं है।

बोले- मुख्यमंत्री,अपना घर ठीक नहीं कर पाए


पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को खजनी विधानसभा के माल्हनपार में बांसगांव से प्रत्याशी डॉ संजय कुमार, खजनी से प्रत्याशी रुपावती बेलदार, सहजनवा से प्रत्याशी यशपाल रावत के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। वहीं चौरीचौरा विधानसभा के ब्रह्मपुर ब्लाक के पास चौरी चौरा से प्रत्याशी कैप्टन बृजेश चंद्र लाल के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया।

इन जनसभाओं में अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री,अपना घर ठीक नहीं कर पाए और दूसरे के घरों को ठीक करने का दावा करते हैं। भाजपा, गोरखपुर में मेट्रो चलाने का दवा कर रही थी। मेट्रो तो नहीं चली, शहर के लोगों को भी नाव से सफर करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि गोरखपुर की जनता ने इतिहास लिखने का मन बना लिया है। यहां की सभी नौ सीटों पर भाजपा का खाता तक नहीं खुल सकेगा। अब तक हुए पांच चरणों के चुनाव में भी भाजपा सभी जगहों से गायब हो चुकी है। उनके नेता अपनी गाड़ियों और घरों से झंडे निकालने लगे हैं।


अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा कहती है कि वह विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है, मगर इनके नेता सबसे ज्यादा झूठे हैं। पांच साल में न किसानों की आय दोगुनी हुई न किसी को फसल की पूरी कीमत ही मिली। खाद खरीदने गए तो उसमें भी हर बोरी में पांच किलो की चोरी हो गई। यदि भाजपा की फिर सरकार बनी तो यह चोरी बढ़कर 10 किलो की हो जाएगी। मंहगाई, बेरोजगार और गरीबों, पिछड़ों व मजदूरों का शोषण बढ़ा है। भाजपा ने जब सिलिंडर देना शुरू किया था तो उसकी कीमत 400 रुपये थी अब 1000 रुपये हो गई है। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ गए।

सपा सरकार 300 यूनिट बिजली फ्री में देगी

राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव में जनता ने भाजपा को पूरी तरह साफ करने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनी तो 300 यूनिट‌ बिजली फ्री दी जाएगी। सिंचाई का बिल माफ कर दिया जाएगा। अनुदेशकों, टीईटी वालों का समायोजन किया जाएगा। पुलिस और फौज की भर्ती में उम्र आड़े आई तो दिल्ली तक लड़ाई लड़कर उसे भी बढ़ाया जाएगा। समाजवादी सरकार पूरे पांच साल राशन देगी।


अखिलेश ने कहा कि भाजपा पहले नवंबर तक और अब मार्च तक राशन देने का दावा कर रहीं हैं सपा सरकार में एक लीटर सरसो का तेल, घी, मिल्क पाउडर और चीनी भी फ्री दी जाएगी।

11 लाख सरकारी पद भरे जाएंगे

अखिलेश ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में संसाधन बढ़ाए जाएंगे और गरीबों को मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग झूठ बोल रहे हैं लोगों को गुमराह कर धोखा दे रहे हैं जिनको लैपटॉप व मोबाइल चलाना नहीं आता वह लैपटॉप बांटने की बात कर रहे हैं। 5 साल से युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं। 11 लाख पद खाली हैं, लेकिन 5 साल में एक भी भर्ती शुरू नहीं हुई। सपा सरकार बनते ही पुलिस की भर्तियां शुरू करेंगे। दरोगा की भर्ती होगी। शिक्षामित्रों को सम्मान मिलेगा।

Tags:    

Similar News