PM मोदी 25 को करेंगे रायबरेली एम्स का लोकार्पण, एसपी सिंह बघेल का दौरा

Raebareli News: कानपुर में राहुल गांधी को 'कृष्ण' के रूप में दिखाए जाने वाले पोस्टर पर उन्होंने कहा कि, 'ये चापलूसी की पराकाष्ठा है'।

Report :  Narendra Singh
Update: 2024-02-21 15:39 GMT

मीडिया को जानकारी देते केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल (Social Media)

Raebareli News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 फरवरी को रायबरेली एम्स (AIIMS Raebareli) का दौरा करने वाले हैं। इससे पूर्व बुधवार (21 फ़रवरी) केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रो एसपी सिंह बघेल (S.P.Singh Baghel) रायबरेली एम्स पहुंचे। रायबरेली पहुंचने के बाद मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने बताया कि, 25 फरवरी को रायबरेली एम्स को राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। इससे पूर्व तैयारियों की समीक्षा की।

केंद्रीय मंत्री प्रो एसपी सिंह बघेल ने बताया कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजकोट से वर्चुअल तरीके से एम्स रायबरेली को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। एम्स के लोकार्पण कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के साथ-साथ प्रदेश सरकार के मंत्री और विधायक भी शामिल होंगे।

'रायबरेली एम्स का विकास 2014-24 के बीच'

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री ने एम्स रायबरेली के ऑडिटोरियम हॉल में पार्टी पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की। इसके बाद जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रो एसपी सिंह बघेल ने बताया कि, '2009 में 900 करोड़ रुपए की लागत से रायबरेली एम्स को सैद्धांतिक मंजूरी मिली थी, लेकिन कांग्रेस की सरकार ने कोई विकास नहीं किया। इसका ज्यादातर विकास 2014 से 2024 के बीच हुआ।'

एसपी सिंह बघेल- रायबरेली लोकसभा सीट अजेय नहीं

आपको बता दें, रायबरेली एम्स में एमबीबीएस की 100 सीटें हैं। साथ ही, कई मेडिकल विभाग चल रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने बताया, 'रायबरेली लोकसभा सीट अजेय नहीं है। यहां की जनता ने इंदिरा गांधी (Indira Gandhi) को हराया'। राहुल गांधी की न्याय यात्रा में यूपी के युवाओं के बयान पर उनका कहना था कि, 'ये युवाओं का अपमान है। ये युवाओं का दुर्भाग्य है।'

'ये चापलूसी की पराकाष्ठा'

पत्रकार को पीटे जाने के मामले पर एसपी सिंह बघेल ने कहा, 'उनकी (राहुल गांधी) दादी ने देश में इमरजेंसी लगाकर देश के चौथे स्तम्भ को कमजोर करने का काम किया। पत्रकार की पिटाई चौथे खंभे का अपमान है। मैं इसकी निंदा करता हूं। कानपुर में राहुल गांधी को 'कृष्ण' के रूप में दिखाए जाने वाले पोस्टर पर उन्होंने कहा कि, ये चापलूसी की पराकाष्ठा है'।

Tags:    

Similar News