राहुल गांधी बोले- CM अखिलेश भी किसान विरोधी, नहीं तो किसानों का बकाया जरूर देते

Update: 2016-10-05 12:59 GMT

सहारनपुर: कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी बुधवार को अपनी यात्रा के अगले पड़ाव पर सहारनपुर में थे। यहां भी राहुल गांधी के निशाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रहे। उन्होंने कहा, मोदी जहां जाते हैं वहां नफरत फैलाते हैं। राहुल ने यहां खाट पंचायत भी की। खाट सभा में राहुल ने यूपी के सीएम अखिलेश यादव को किसान विरोधी बताया।

अपने संबोधन में राहुल गांधी ने कांग्रेस को समाज जोड़ने वाली पार्टी बताया। राहुल के निशाने पर तमाम विपक्षी पार्टियां रहीं। उन्होंने सपा, बसपा और बीजेपी को किसानों को बर्बाद करने वाली पार्टी बताया।

मोदी सरकार किसानों को ठग रही

कांग्रेस यात्रा पर सहारनपुर पहुंचे राहुल गांधी ने गागलहेड़ी स्थित पशु मंडी मैदान में खाट पंचायत को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी और प्रदेश के सीएम अखिलेश यादव को निशाने पर लिया। पीएम पर बोलते हुए राहुल ने कहा, 'मोदी सरकार ने 15 उद्योगपतियों का दस हजार करोड़ रुपए कर्ज माफ किया है। किसानों की दुर्दशा उन्हें दिखाई नहीं देती है। प्रधानमंत्री अगर किसानों का कर्ज माफ कर देते तो आज यूपी का किसान खुशहाल होता। नरेंद्र मोदी झूठे वायदे कर देश की जनता को धोखा दे रहे हैं।'

सीएम भी कर रहे किसानों की अनदेखी

राहुल गांधी ने कहा, 'यूपी के सीएम किसानों के साथ नहीं हैं। इसी वजह से किसानों को गन्ना भुगतान नहीं हो पा रहा है। सीएम चाहें तो तुरंत किसानों को उनका हक दिलाया जा सकता है, लेकिन मुख्यमंत्री किसानों की तरफ नहीं देख रहे हैं।'

कांग्रेस राज में यूपी बनेगा नंबर वन

राहुल ने अपने निशाने पर सभी विपक्षी पार्टियों को लिया। उन्होंने सपा, बसपा और बीजेपी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इन तीनों पार्टियों ने मिलीभगत कर यूपी के किसानों को बर्बाद कर दिया है, इसे कांग्रेस किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने किसानों से वादा किया कि यदि यूपी में कांग्रेस की सरकार बनती है तो किसानों की हर समस्या का समाधान दस दिन के भीतर किया जाएगा। प्रदेश में हर वर्ग का विकास होगा और उत्तर प्रदेश देश का नंबर वन राज्य बन जाएगा।

Tags:    

Similar News