Rahul Gandhi in Raebareli: रायबरेली से लड़ेंगे राहुल गांधी

Rahul Gandhi Contest From Raebareli: बदले हालात में राहुल गांधी इस बार रायबरेली से क़िस्मत आज़मायेंगे।

Written By :  Yogesh Mishra
Update: 2023-02-25 11:15 GMT

Rahul Gandhi (Pic: Social Media) 

Rahul Gandhi Contest From Raebareli: कभी यूपीए की चेयरपरसन व पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने के पहले ही कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश के अपने गढ़ अमेठी व रायबरेली को बचाने की पुख़्ता रणनीति तैयार कर रखी है। बदले हालात में राहुल गांधी इस बार रायबरेली से क़िस्मत आज़मायेंगे। जबकि अमेठी में स्मृति ईरानी के सामने कांग्रेस प्रियंका गांधी को उतारा जा सकता है। हालाँकि राहुल केरल के वायनाड से भी मैदान में उतरेंगे। अमेठी नेहरू गांधी परिवार के लिए शुभ संसदीय क्षेत्र में मानी जाती है। तभी तो संजय गांधी, मेनका गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी और राहुल गांधी सब ने अपने राजनीतिक पारी की शुरुआत अमेठी से ही की है। यही नही, गांधी नेहरू परिवार के ख़ास सतीश शर्मा के राजनीतिक पारी की शुरूआत का गवाह भी अमेठी ही रही है।

सबसे पहले 1980 में संजय गांधी अमेठी से मैदान में उतरे। विजयी रहे। आज से बयालीस साल पहले संजय गांधी का निधन 23जून, 1980 को हुआ। उनके निधन के बाद 1981 में हुए चुनाव में राजीव गांधी यहाँ से मैदान में उतरे। उन्हें 2,58,884 वोट मिले। वह जीते। राजीव यहाँ से 1984 और 1989 का संसदीय चुनाव जीते ।

21 मई, 1991 के बाद का इतिहास

21 मई, 1991 को सुबह 10 बजे के करीब एक महिला राजीव गांधी के पांव छूने के लिए जैसे ही झुकी उसके शरीर में लगा आरडीएक्स फट गया और राजीव गांधी की मौत हो गई। इसके बाद हुए उप चुनाव में कैप्टन सतीश शर्मा को कांग्रेस ने मैदान में उतारा । उन्हें 1,78,996 वोट मिले । वह विजयी रहे। सतीश शर्मा 1998 तक अमेठी के सांसद रहे। 1998 के चुनाव में भाजपा के संजय सिंह ने इन्हें पराजित किया। सोनिया गांधी ने अपना पहला संसदीय चुनाव अमेठी से 1999 में लड़ा था। उस समय सोनिया गांधी को 4,18,960 वोटों मिला था। जबकि भाजपा के उम्मीदवार संजय सिंह को 1,18,948 वोट मिले थे। सोनिया गांधी ने 1999 के चुनाव में अपने लिए अमेठी की जगह रायबरेली चुना। 2004 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी ने अपनी संसदीय राजनीति के लिए अमेठी को ही चुना।वह यहाँ से चुनाव मैदान में उतरे। उन्हें 3,90,179 वोट मिले। वह 2019 तक अमेठी के सांसद रहे। 2019 के चुनाव में भाजपा की स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को वोटों से क़रीब पचपन हज़ार के बड़े अंतर से पराजित किया। स्मृति को कुल 4,68,514 वोट मिले। वहीं, राहुल गांधी को 4,13,394 वोट हासिल हुए। अब कांग्रेस ने अपनी सीट अमेठी को वापस लेने के लिए प्रियंका गांधी को स्मृति ईरानी के सामने उतारने का ब्लू प्रिंट तैयार किया है।

Tags:    

Similar News