रामगोपाल का विवादित बयान, राम मंदिर को बेकार बताया ! प्रमोद कृष्णम बोले - चाचा डुबो रहे अखिलेश की नाव

Ram Gopal Yadav On Ram Mandir: सपा नेता रामगोपाल यादव का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है जब देश में तीसरे चरण की वोटिंग हो रही है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-05-07 08:14 GMT

सपा नेता रामगोपाल यादव और आचार्य प्रमोद कृष्णम  (photo:  social media )

Ram Gopal Yadav On Ram Mandir: लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान के बीच समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने अयोध्या के राम मंदिर को लेकर विवादित बयान दिया है। एक चैनल से बातचीत के दौरान रामगोपाल यादव ने अयोध्या के राम मंदिर का जिक्र करते हुए कहा कि वो बेकार का है। सवालिया लहजे में उन्होंने कहा कि मंदिर ऐसे बनाए जाते हैं? उन्होंने कहा कि वास्तु के लिहाज से भी यह मंदिर ठीक ढंग से नहीं बनाया गया है।

सपा नेता रामगोपाल यादव का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है जब देश में तीसरे चरण की वोटिंग हो रही है। तीसरे चरण में उत्तर प्रदेश की 10 सीटों पर भी मतदान हो रहा है। तीसरे चरण की फिरोजाबाद सीट पर रामगोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव चुनाव मैदान में हैं। रामगोपाल यादव के बयान पर भाजपा और आचार्य प्रमोद कृष्णम की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि समाजवादी पार्टी राम और राष्ट्र विरोधी है। अब चाचा ही सपा मुखिया अखिलेश यादव की नैय्या डुबोने में जुट गए हैं।

राम मंदिर पर रामगोपाल की विवादित टिप्पणी

तीसरे चरण के मतदान के दौरान रामगोपाल यादव ने एक चैनल से बातचीत के दौरान कहा कि हम तो रोज भगवान राम का दर्शन करते हैं। अभी तक अयोध्या के राम मंदिर न जाने के संबंध में सवाल पूछे जाने पर रामगोपाल यादव ने विवादित टिप्पणी कर डाली। उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर को बेकार का और वास्तु के विपरीत बताया। उन्होंने कहा कि दक्षिण से लेकर उत्तर तक पुराने मंदिरों को देख लीजिए कि ये मंदिर कैसे बनाए गए हैं। वास्तु के नजरिए से भी देखा जाए तो अयोध्या का राम मंदिर ठीक ढंग से नहीं बनाया गया है।

सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल के इस बयान ने भाजपा को एक बार फिर हमला करने का बड़ा मौका दे दिया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉक्टर समीर सिंह ने रामगोपाल के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया जताई है। उन्होंने कहा कि रामगोपाल यादव से पहले सपा मुखिया अखिलेश यादव भी अयोध्या के राम मंदिर का अपमान कर चुके हैं।

सपा को राम और राष्ट्र विरोधी बताया

कांग्रेस के पूर्व नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि समाजवादी पार्टी भगवान राम और राष्ट्र की विरोधी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी में आजकल इस बात की होड़ लगी हुई है कि सपा मुखिया अखिलेश यादव की नैय्या को किस तरह डुबोया जाए। विडंबना यह है कि अखिलेश के चाचा ही उनकी नैय्या डुबोने की कोशिश में जुटे हुए हैं।

संभल के एंचौड़ा कम्बोह गांव में मतदान करने के बाद आचार्य प्रमोद कृष्णम ने मीडिया से बातचीत में कहा कि देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मजबूत बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मैंने राष्ट्र के लिए अपना वोट डाला है। उन्होंने लोगों से राष्ट्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान करने की भी अपील की।

रामगोपाल पहले भी दे चुके हैं विवादित बयान

वैसे यह पहला मौका नहीं है जब सपा नेता रामगोपाल यादव ने विवादित बयान दिया है। उन्होंने रामनवमी के मौके पर भी ऐसा बयान दिया था जिसे लेकर भाजपा हमलावर हो गई थी। उनका कहना था कि रामनवमी हमेशा पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाई जाती रही है मगर अब कुछ लोगों ने इसे पेटेंट करा लिया है। ऐसे लोगों को यह बात ध्यान रखनी चाहिए कि यह किसी की बपौती नहीं है।

उन्होंने अयोध्या में अधूरी प्राण प्रतिष्ठा किए जाने का भी आरोप लगाया था। उनका कहना था कि शंकराचार्य ने भी इसका विरोध किया था और भगवान राम ऐसे लोगों को अवश्य दंड देंगे। अब उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर को लेकर विवादित टिप्पणी की है जिसे लेकर भाजपा हमलावर हो गई है।

Tags:    

Similar News