Saharanpur News: सपा और कांग्रेस भ्रष्टाचारी पैदा करने की फैक्ट्री: केशव प्रसाद मौर्य

Saharanpur News: सहारनपुर में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सपा और कांग्रेस को भ्रष्टाचारी पैदा करने की फैक्ट्री बताया।

Report :  Neena Jain
Update: 2024-04-13 14:07 GMT

पत्रकारों से बात करते केशव प्रसाद मौर्य। (Pic: Newstrack)

Saharanpur News: प्रदेश के उपमुख्यमंत्री सहारनपुर के भाजपा कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि यूपी की 80 सीटें भाजपा जीत रही है। इस बार 4 जून को 400 पार होने जा रहा है। एक बार फिर प्रचंड बहुमत की मोदी सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के उत्साह को देखते हुए विपक्ष निराशा की गर्द में हैं और अंतर्कलह का शिकार हैं। उनके कार्यकर्ताओं में कोई उत्साह नहीं है। चुनाव से पहले ही गठबंधन का हाल बेहाल हो गया है।

विपक्ष पर साधा निशाना

 विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हो या कांग्रेस सभी अपराधियों, माफियाओं, गुंडो भ्रष्टाचारियों को पैदा करने की फैक्ट्री हैं। इस फैक्ट्री पर सदा के लिए अलीगढ़ का ताला लगाना है। विपक्ष को मालूम है कि कि वह हार रहे हैं इसलिए हारने के लिए जितनी देर से प्रचार शुरू करना चाहिए उतनी देर से करेंगे। उन्होंने इमरान मसूद का नाम लिए बिना कहा कि कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी ने तो राम-राम बोलना शुरू कर दिया है। लेकिन इनका राम बोलना ऐसा है कि मुंह में राम बगल में छुरी। यह चलने वाला नहीं है, यहां कमल खिलेगा। 400 पार का नारा सहारनपुर से शुरू कर बनारस तक पूरा कर देंगे। इमरान मसूद के एक वायरल वीडियो जिसमें उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आ गई तो उनका और तुम्हारा सबसे पहले इलाज होगा इस पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मैं जी चुनाव को सोच कर आए थे अब उनकी जमानत जब्त होने वाली है और तनाव ग्रस्त लोग इस तरह की बयान बाजी करते हैं।

क्षत्रिय समाज नहीं है नाराज

क्षत्रिय समाज के नाराज होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि क्षत्रिय समाज क्या कोई भी नाराज नहीं है। सभी साथ हैं। सभी को मालूम है कि देश की मजबूती के लिए, नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए और उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के लिए, सहारनपुर का विकास करने के लिए सभी को एकजुट काम करना पड़ेगा। सबका साथ, सबका विकास, सबका आशीर्वाद भी भाजपा को मिलता है। भाजपा से कोई दूर नहीं है और भाजपा किसी से दूर नहीं है। मुद्दा विकास, सुशासन, गुंडागर्दी से मुक्ति है। 

Tags:    

Similar News