CM योगी ने संभल में जनसभा को किया संबोधित, बोले- नए उत्तर प्रदेश में नया संभल होगा

CM Yogi in Sambhal: संभल में सीएम योगी ने चुनावी जनसभा को संबोधित किया, जहां उन्होंने जनता से वादा किया कि नए उत्तर प्रदेश में नया संभल होगा।

Report :  Aniket Gupta
Update: 2024-05-03 10:56 GMT

CM Yogi in Sambhal: लोकसभा चुनाव में दो चरणों का मतदान समाप्त हो चुका है। तीसरे चरण की वोटिंग 7 मई को है। यूपी में तीसरे चरण के तहत 10 सीटों पर मतदान होने हैं। इनमें आगरा, आंवला, बदायूं, बरेली, एटा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, हाथरस, मैनपुरी और संभल सीट शामिल हैं। तमाम राजनीतिक पार्टियां तीसरे चरण के मतदान की तैयारियों में जुटी हैं। दलों के स्टार प्रचार अलग-अलग जगहों पर जा कर चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं। इसी क्रम में आज यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संभल पहुंचे, जहां उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। सीएम योगी के साथ जनसभा में एमपी के सीएम मोहन यादव भी पहुंचे। मंच पर पहुंचते ही दोनों नेताओं का जोरदार स्वागत किया गया।


दो चरणों की वोटिंग में बीजेपी विजेता

सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि संभल में ही भगवान कल्कि का अवतार होना है। इसलिए संभल क्षेत्र विशेष महत्व रखता है। नए भारत में नई यूपी और इसमें नए संभल की भी पहचान होनी चाहिए। सीएम योगी ने आगे कहा कि दो चरणों के मतदान समाप्त हो चुके हैं। दोनों चरणों की वोटिंग में बीजेपी को जीत मिल रही है। पीएम मोदी के नेतृत्व में सभी ने बदलते भारत को देखा है।

2014 के बाद देश की तस्वीर बदल गई: सीएम योगी

2014 से पहले दुनिया में भारत का सम्मान नहीं था। देश की सीमाएं सुरक्षित नहीं थी। देश में आतंक, नक्सलवाद और भष्ट्राचार अपने चरम पर था। विकास कार्य बिल्कुल ही ठप पड़ गए थे। देश में गरीबों को सुविधाओं से वंचित रखा गया था। 2014 के बाद भारत की तस्वीर पूरी तरह बदल गई। सीमाएं सुरक्षित हुई हैं। गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। आज देश में कहीं भी कोई पटाखा फूटता है तो पाकिस्तान तुरंत सफाई देता है। आज का भारत हर तरह से जवाब देना चाहता है। कहा कि इलाके में तैयार हो रहे गंगा एक्सप्रेसवे से यहां का बेहतर विकास होगा।

सरकार के कामों को गिनाया

सीएम योगी ने अपने संबोधन में आगे कहा कि प्रदेश में मेडिकल कॉलेज समेत सभी सुविधाएं लोगों के लिए खुल रहे हैं। समाजवादी पार्टी की सरकार में लोगों को राशन तक नहीं मिलता था। आज बीजेपी सरकार में 60 करोड़ लोगों को आयुष्मान योजना का भी लाभ मिल रहा है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण भी हो गया है। माफिया और अपराधियों का रामनाम सत्य भी हो रहा है।

जिन्हें संविधान पसंद नहीं उन्हें देश में रहने का हक नहीं: सीएम योगी

विपक्षी नेता राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि भारत में संकट आने पर वे इटली भाग जाएंगे। जब-जब चुनाव आता है तब उन्हें रामलला याद आते हैं। इसीलिए वह आजकल यूपी में हैं। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा ने लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकारी योजनाएं शुरू की हैं। इंडी गठबंधन कहता है कि पिछड़ी जाति को मिलने वाला आरक्षण अल्पसंख्यकों को दे दिया जाएगा। सीएम योगी ने आगे कहा कि हमारा एजेंडा पहले से तय है। मथुरा और वृंदावन के कार्य को लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में जिनको भारत माता की जय कहने में संकोच होता है उन्हें लोकतंत्र के मंदिर संसद में जाने का भी अधिकार नहीं होना चाहिए। जिन्हें राष्ट्रगान व राष्ट्रगीत पसंद नहीं, संविधान पसंद नहीं, उनको देश में भी रहने का अधिकार नहीं होना चाहिए।

कैला देवी धाम में की पूजा-अर्चना


सीएम योगी ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ सम्भल की पवित्र भूमि पर स्थित माँ श्री कैला देवी धाम पहुंचे, जहां उन्होंने दर्शन-पूजन किया।

Tags:    

Similar News