Shravasti News : विधिक साक्षरता शिविर में छात्राओं को किया गया जागरूक

Shravasti News : विधिक प्रभारी सचिव विश्वजीत सिंह ने बताया कि देश के विकास में सभी क्षेत्रों में लड़कियों का योगदान लड़कों से किसी भी प्रकार से कम नहीं है। इसलिए सभी लोगों को अपनी- अपनी लड़कियों को लड़कों के समान ही शिक्षा उपलब्ध करानी चाहिए।

Update: 2024-08-17 15:28 GMT

Shravasti News : बेटियां घर की शान होती हैं, सम्मान होती हैं। राष्ट्र की अभिमान होती हैं। बेटियों को हर हाल में स्कूल भेजें। जिला जज के निर्देश के क्रम में जनपद के सनराइज पब्लिक स्कूल भिनगा में विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही साथ बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का भी सन्देश लोगों को दिया गया। विधिक जागरूकता शिविर में मध्यस्थता के माध्यम से समस्याओं को सुलझाने के साथ ही निश्शुल्क विधिक सहायता एवं लोक अदालत, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के बारे मे जागरूक किया गया।

विधिक प्रभारी सचिव विश्वजीत सिंह ने बताया कि देश के विकास में सभी क्षेत्रों में लड़कियों का योगदान लड़कों से किसी भी प्रकार से कम नहीं है। इसलिए सभी लोगों को अपनी- अपनी लड़कियों को लड़कों के समान ही शिक्षा उपलब्ध करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान महिलाओं व पुरूषों में कोई भेदभाव नहीं करता है। उन्होंने संविधान में लड़कियों को प्राप्त मौलिक अधिकारों के सम्बन्ध में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि हमारे संविधान में पुरूषों के समान ही महिलाओं को भी अधिकार प्राप्त है। बालिकाओं के कल्याण व सुरक्षा के सम्बन्ध में अनेक अधिनियम बनाये गये हैं। उन्होंने कहा कि बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए आवश्यक है कि परिवारिक, सामाजिक, राष्ट्रीय, सभी स्तरों पर प्रयास किया जाए। बालिकाओं के स्वास्थय, शिक्षा, आत्मरक्षा, सामाजिक सोच व विचारधारा, बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण आदि विषयों पर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी लोगों से आह्वान किया कि अपनी बच्चियों को समय दें, जिससे वे भावनात्मक रूप से सशक्त हो तथा अपराध का शिकार न हो सके।


उन्होंने महिलाओं के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलायी जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि बेटी हमेशा बेटी रहती है, भले ही बेटी की शादी हो गयी हो। उन्होंने कहा कि यदि कोई महिला आर्थिक स्थिति के कारण मुकदमे की पैरवी करने में असमर्थ है तो उसे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में आवेदन करने पर निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराया जाएगा ।

ये रहे उपस्थित

इसी क्रम में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पैनल लॉयर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रावस्ती अशोक कुमार शर्मा ने बच्चों को विस्तार से महिला अधिकार, बाल अधिकार आदि विषयों पर जानकारी दी। इस दौरान डिप्टी चीफ एलएडीसी जगदंबा त्रिपाठी, सहायक एलएडीसी अरुण श्रीवास्तव, पीएलवी फूलचंद गुप्ता तथा वरिष्ठ लिपिक दयाराम एवं विद्यालय के प्रबंधक,पुनीत मिश्रा, प्रधानाचार्य, समस्त अध्यापक ,के छात्र,छात्राएं, कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News