मथुरा : कड़ाके की ठंड में जब रैन बसेरे में पहुंचे मंत्री श्रीकांत शर्मा 

Update:2017-12-31 18:39 IST

मथुरा : पश्चिम यूपी में सर्दी का कहर बढ़ने लगा है। ऐसे में प्रशासन ने गरीबों के लिए रैन बसेरों का इंतजाम किया है। रविवार को सूबे के उर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने भूतेश्वर स्थित रैनबसेरा का निरीक्षण किया। मंत्री को यहां कोई कमी नजर नहीं आई। लेकिन जब वो पुरुष टॉयलेट के पास पहुंचे तो उन्हें वहां काफी गंदगी नजर आई। मंत्री ने वहां सफाई रखने के निर्देश दिए।

यूपी के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा इस समय मथुरा दौरे पर हैं। पहले मंत्री ने अपने निवास पर जनता की समस्याओं को सुना। उसके बाद वो शहर के दौरे पर निकल पड़े। मंत्री ने भूतेश्वर पर बने रैनबसेरा और टॉयलेटों का भी निरीक्षण किया। रैनबसेरा में मंत्री ने रजिस्टर चेक किया। वहां रहने वालों से उनका हालचाल पूछा।

इसके बाद मंत्री ने पुरुष टॉयलेट और आरओ प्लांट को भी देखा। आरओ प्लांट में उन्हें लीकेज मिली। इसके साथ ही पुरुष टॉयलेट में भी गंदगी नजर आई। इसपर मंत्री ने नगर निगम के अफसरों को हर दिन साफ सफाई और देख-रेख के निर्देश दिए।

अपने निरीक्षण के बाद शर्मा ने कहा कि योगी सरकार की प्राथमिकता है कि रात को कोई भी बिना छत के न सोए। इसलिए रैनबसेरे की व्यवस्था है। जिनको रात को छत नही मिल पाती है, उनके लिए कंबल रजाई की भी व्यवस्था हमारी सरकार ने की है। सभी अधिकारियों को कहा है कि जो कमियां हैं उन्हें सही की जाए।

पूर्व सीएम अखिलेश यादव द्वारा हारे हुए विधायकों की बैठक पर पर सवाल किया गया तो मंत्री का कहना था कि लोकतंत्र है। सभी पार्टीयों को अपना आत्मचिंतन करते रहना चाहिए। उनका अधिकार क्षेत्र है उस पर कोई टिप्पणी करने की आवश्यकता नहीं है।

शिवपाल द्वारा पार्टी का झंडा उतारने पर उनसे सवाल किया तो उनका कहना था कि शिवपाल ही बताएंगे।

 

Tags:    

Similar News