Shrikant Tyagi Case: पति के बचाव में उतरीं अनु त्यागी, सांसद महेश शर्मा पर लगाया ये आरोप

Shrikant Tyagi Case: श्रीकांत त्यागी की पत्नी अनु त्यागी ने नोएडा पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। अनु ने बताया कि पुलिस ने उन्हें शुक्रवार, शनिवार और रविवार दोपहर तक हिरासत में रखा।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2022-08-10 06:07 GMT

पूर्व बीजेपी नेता श्रीकांत त्यागी (photo: social media ) 

Shrikant Tyagi Case: नोएडा के ओमैक्स सोसाइटी में एक महिला के साथ बदसलूकी करने वाला भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी हो चुकी है। मेरठ से गिरफ्तार हुए त्यागी को सूरजपुर कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है। इस बीच उनकी पत्नी अनु त्यागी मीडिया के सामने आई हैं। उन्होंने पूरे विवाद पर अपना पक्ष रखते हुए अपने पति को निर्दोष बताया। श्रीकांत की पत्नी ने नोएडा पुलिस पर बदसलूकी करने का आरोप लगाया है। साथ ही नोएडा से बीजेपी सांसद डॉ महेश शर्मा पर भी निशाना साधा है।

श्रीकांत त्यागी की पत्नी अनु त्यागी ने नोएडा पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। अनु ने बताया कि पुलिस ने मुझे शुक्रवार, शनिवार और रविवार दोपहर तक हिरासत में रखा। उन्हें महिला थाने में रखने के बजाय पुलिस थाने में रखा गया। उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। श्रीकांत की पत्नी ने कहा, मेरे साथ अभद्र व्यवहार किया गया, हर तरीके की बदतमीजी और बदसलूकी की गई।

अनु त्यागी ने कहा कि जब मैंने थाने में थी, तब मेरे दोनों बेटे घर पर अकेले थे। मैंने हाथ जोड़कर पुलिसवालों से विनती की कि मुझे अपने बच्चों से फोन पर बात करा दी जाए, मगर बात नहीं कराई गई। उन्होंने कहा कि उनके पति ने सरेंडर किया है। उन पर लगाया गया गैंगस्टर एक्ट फेक है।

पति पर लगे आरोपों से किया इनकार

अनु त्यागी ने अपने पति श्रीकांत त्यागी पर लगे आरोपों को पूरी तरह से गलत बताया है। अनु का दावा है कि सोसाइटी के 99 फीसदी लोग उनके पति को जानते भी नहीं हैं क्योंकि वह बाहर ही नहीं आते थे। उन्होंने कहा कि मेरे पति और बच्चों ने किसी के साथ खराब बर्ताव नहीं किया है। अनु ने कहा कि सोसइटी में 1300 फ्लैट हैं, मगर कुछ गिने-चुने लोग ही उनका विरोध कर रहे हैं।

नोएडा सांसद पर भी साधा निशाना

अनु त्यागी ने इस विवाद के लिए पूरी तरह से नोएजा से बीजेपी सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा को जिम्मेदार ठहराया है। अनु ने आरोप लगाते हुए कहा कि यह सबकुछ कराधरा उन्हीं का है। बीजेपी सांसद ने नोएडा पुलिस कमिश्नर को गाली दी थी, उनके कहने पर ही पुलिस वालों ने हमारे साथ दुर्व्यवहार किया था। अनु ने बताया कि उसके पति बीजेपी के सदस्य थे। वहीं उन्होंने श्रीकांत के किन-किन भाजपा नेताओं से संबंध थे, इसका जवाब टाल दिया।

अनु त्यागी ने कहा कि उनके पति पहले दिन ही सरेंडर करने वाले थे लेकिन मामले को जानबूझकर इतना तूल दे दिया गया कि ऐसा नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने ये भी दावा किया कि अगर पुलिस ने उन्हें थाने नहीं ले जाती तो श्रीकांत दूसरे दिन ही सरेंडर कर देते। बता दें कि अनु ये मानने के लिए कभी राजी नहीं हुईं कि उनके पति को पुलिस ने मेरठ से अरेस्ट किया है। उनका कहना है कि उनके पति श्रीकांत त्यागी ने पुलिस के सामने सरेंडर किया है।

Tags:    

Similar News