Sonbhadra News: सोनभद्र में जनगणना-2027 की शुरुआत, मोबाइल से भरें जानकारी
Sonbhadra News: 7 मई से 21 मई तक चलेगा स्वगणना अभियान, लोग मोबाइल ऐप और पोर्टल के जरिए खुद अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे, प्रशासन ने लोगों से बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील की।
सोनभद्र में जनगणना-2027 की शुरुआत, मोबाइल से भरें जानकारी (Photo- Newstrack)
Sonbhadra News: सोनभद्र में जनगणना-2027 के पहले चरण की औपचारिक शुरुआत गुरुवार को पंचायत रिसोर्स सेंटर में आयोजित कार्यक्रम के साथ हो गई। इस दौरान मकान सूचीकरण और मकान गणना कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, पंचायत सहायकों समेत बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। खास बात यह रही कि सभी ने स्वगणना पोर्टल और मोबाइल ऐप के जरिए खुद अपनी जानकारी दर्ज कर प्रक्रिया को समझा और पूरा किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने की। उन्होंने कहा कि अब जनगणना की प्रक्रिया को पहले से ज्यादा आसान, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा रहा है। बदलते डिजिटल दौर को देखते हुए इस बार लोगों को खुद अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने की सुविधा दी गई है। उन्होंने बताया कि स्वगणना अभियान 7 मई से शुरू होकर 21 मई तक चलेगा। इस दौरान आम नागरिक मोबाइल ऐप और पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी ऑनलाइन भर सकेंगे।
22 मई से शुरू होगा मकान गणना का काम
सीडीओ जागृति अवस्थी ने बताया कि स्वगणना अभियान खत्म होने के बाद 22 मई से 20 जून तक मकान सूचीकरण और मकान गणना का कार्य कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जनगणना का काम पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ किया जाए, ताकि किसी भी परिवार या व्यक्ति की जानकारी छूटने न पाए और सभी का सही विवरण दर्ज हो सके।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद कर्मचारियों और प्रतिभागियों को स्वगणना मोबाइल ऐप और पोर्टल के इस्तेमाल की पूरी जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल माध्यम से होने वाली यह प्रक्रिया समय की बचत के साथ-साथ आंकड़ों की शुद्धता और पारदर्शिता भी सुनिश्चित करेगी। प्रशासन का मानना है कि तकनीक के इस्तेमाल से जनगणना प्रक्रिया ज्यादा तेज और सुविधाजनक बनेगी।
जनप्रतिनिधियों ने भी लिया हिस्सा
स्वगणना अभियान में जनप्रतिनिधियों को भी जोड़ा गया। अधिकारियों ने मंत्री और विधायकों के आवास पहुंचकर मोबाइल ऐप के जरिए उनकी स्वगणना कराई। मंत्री ने खुद अपने मोबाइल फोन से पूरी प्रक्रिया पूरी की और लोगों से भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं की आधारशिला होती है और सही आंकड़े ही सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मदद करते हैं।
कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, डीसी मनरेगा रविंद्र वीर सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, डीसी एनआरएलएम सरिता सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।