Sonbhadra News : सोनभद्र में शराबियों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, बस स्टैंड से 18 गिरफ्तार
Sonbhadra News : सोनभद्र में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बस स्टैंड समेत सार्वजनिक स्थानों पर शराब पी रहे 18 लोग गिरफ्तार।
सोनभद्र में शराबियों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, बस स्टैंड से 18 गिरफ्तार (Photo- Newstrack)
Sonbhadra News : सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ शक्तिनगर पुलिस ने गुरुवार को बड़ा अभियान चलाते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई की। बस स्टैंड चौराहा समेत थाना क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब का सेवन कर रहे 18 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जिलेभर में अपराध, अराजकता और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय ने थाना शक्तिनगर पुलिस टीम के साथ पैदल गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया।
बस स्टैंड चौराहे पर सबसे ज्यादा हलचल
चेकिंग के दौरान बस स्टैंड चौराहा और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कई लोग खुलेआम शराब पीते मिले। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी को मौके से हिरासत में ले लिया। बाद में थाने लाकर सभी के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई से शराब पीकर हुड़दंग करने वालों में अफरा-तफरी मच गई।
इन लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
गिरफ्तार किए गए लोगों में भगवानदास कुशवाहा, तेजबली कुशवाहा, चन्द्रशेखर यादव, सन्तोष कुमार, मो. बदरूल, पंकज कुकंल, सेठी, प्रदीप कुमार, राजेश, रामभुवन नाई, सुखराम सिंह, रोशन सिंह, सोनू श्रीवास्तव, राजकुमार, रामकिशुन, मनीष पाण्डेय, कृष्णा कुमार कुशवाहा तथा संदीप कुमार कुशवाहा शामिल हैं। इनमें कुछ लोग मध्यप्रदेश और बिहार के निवासी भी बताए गए हैं।
मुस्तैद रही पुलिस टीम
अभियान में प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय, उपनिरीक्षक सदाशिव राय, उपनिरीक्षक दिनेश गौतम सहित थाना शक्तिनगर की पुलिस टीम पूरी तरह सक्रिय रही। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।