Sonbhadra News: सोनभद्र बनेगा देश का नया ‘ग्रीन एनर्जी हब’, 17000 करोड़ मेगा परियोजना को मिली रफ्तार
Sonbhadra News: ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में पहले से अपनी मजबूत पहचान रखने वाला जनपद सोनभद्र अब देश के सबसे बड़े ग्रीन एनर्जी हब के रूप में उभरने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
Sonbhadra Green Energy Hub
Sonbhadra News: सोनभद्र। ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में पहले से अपनी मजबूत पहचान रखने वाला जनपद सोनभद्र अब देश के सबसे बड़े ग्रीन एनर्जी हब के रूप में उभरने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। बैजनाथ क्षेत्र में प्रस्तावित ग्रीनको ग्रुप की महत्वाकांक्षी पंप्ड स्टोरेज पावर (पीएसपी) परियोजना को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। करीब 17 हजार 181 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाली इस मेगा परियोजना से लगभग 3660 मेगावाट विद्युत उत्पादन होगा, जो प्रदेश ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय ऊर्जा जरूरतों के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने गुरुवार को बैजनाथ क्षेत्र पहुंचकर परियोजना स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना क्षेत्र में आने वाले बैजनाथ, गुडूर, महुना, पिंडारी, रानीडीह तथा कुम्हारवार गांवों की भूमि स्थिति, वन क्षेत्र एवं अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जानकारी विस्तार से ली।
अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि वन विभाग एवं राजस्व विभाग से संबंधित भूमि संबंधी बिंदुओं पर संयुक्त जांच प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली गई है। दोनों विभागों की संयुक्त टीम द्वारा विस्तृत निरीक्षण रिपोर्ट आगामी दो से तीन कार्य दिवसों में प्रशासन को सौंप दी जाएगी। रिपोर्ट प्राप्त होते ही परियोजना निर्माण कार्य को धरातल पर उतारने की दिशा में तेजी से कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि यह परियोजना सोनभद्र के औद्योगिक, आर्थिक एवं आधारभूत विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि परियोजना के निर्माण एवं संचालन से स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। अनुमान है कि लगभग तीन हजार लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा, जिससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन जनपद में निवेश को बढ़ावा देने और बड़ी विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से जमीन पर उतारने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ऐसी परियोजनाएं न केवल विद्युत उत्पादन क्षमता बढ़ाती हैं, बल्कि स्थानीय व्यापार, परिवहन, आधारभूत संरचना और सामाजिक विकास को भी नई दिशा देती हैं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना से संबंधित सभी लंबित प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए। विभागीय समन्वय मजबूत रखते हुए किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने पाए। उन्होंने दो टूक कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही या शिथिलता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि सोनभद्र पहले से देश के प्रमुख ऊर्जा उत्पादक जिलों में अपनी अलग पहचान रखता है और ग्रीनको ग्रुप की यह परियोजना जनपद को ऊर्जा क्षेत्र में और अधिक सशक्त बनाएगी। इसके साथ ही भविष्य में बड़े निवेश, औद्योगिक विस्तार और नई विकास संभावनाओं के रास्ते भी खुलेंगे। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वागीश कुमार शुक्ला सहित वन विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।