Sonbhadra News: न्याय यात्रा पर हमले को लेकर कांग्रेसियों में उबाल, कलेक्ट्रेट में दिया धरना, गांधी प्रतिमा के सामने बैठकर जताई नाराजगी, लगाए नारे

Sonbhadra News: राहुल गांधी की अगुवाई में असम में निकाली जा रही भारत जोड़ो न्याय मात्रा पर हुए हमले को लेकर कांग्रेसियों में उबाल की स्थिति बनी हुई है। सोमवार को जहां महिला कांग्रेस की तरफ से प्रदर्शन कर नाराजगी जताई गई थी।

Written By :  Kaushlendra Pandey
Update:2024-01-23 18:25 IST

न्याय यात्रा पर हमले को लेकर कांग्रेसियों ने गांधी प्रतिमा के सामने कलेक्ट्रेट में दिया धरना: Photo- Newstrack

Sonbhadra News: राहुल गांधी की अगुवाई में असम में निकाली जा रही भारत जोड़ो न्याय मात्रा पर हुए हमले को लेकर कांग्रेसियों में उबाल की स्थिति बनी हुई है। सोमवार को जहां महिला कांग्रेस की तरफ से प्रदर्शन कर नाराजगी जताई गई थी। वहीं, मंगलवार को जिलाध्यक्ष रामराज गोंड़ की अगुवाई कलेक्ट्रेट पहुंचे कांग्रेसियों ने केंद्र और असम की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित महात्मा गाँधी के समक्ष धरना देकर घटना पर नाराजगी जताई और नारेबाजी करते हुए केंद्र और असम सरकार की नुमाइंदगी करने वालों पर हमला बोला।

जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो न्याय यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई थी। मणिपुर, नागालैंड और अरुणाचल प्रदेश से यात्रा सफलतापूर्वक गुज़री लेकिन जैसे ही यात्रा ने असम में प्रवेश किया और बीजेपी के मुख्यमंत्री हेमंत विश्वा की नाकामियों को छुपाने के लिए, उनके लोगों ने यात्रा पर हमला कर दिया। कहा कि लोगों के दिल को छूने वाली यह यात्रा युवाओं, महिलाओं, हासिये पर रहने वाले लोगों के लिए न्याय की मांग कर रही है।



राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से सत्तापक्ष के खेमे में बौखलाहट

पूर्व प्रदेश सचिव कमलेश ओझा ने कहा कि राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता और उनकी यात्रा मे लगातार उमड़ती भीड़ ने सत्तापक्ष के खेमे में बौखलाहट बढ़ा दी है। कॉंग्रेस नेता राजेश द्विवेदी ने कहा कि शांति पूर्वक चल रही यात्रा पर योजनाबद्ध तरीके से भाजपा कार्यकर्ताओं की तरफ से हमला बोला गया जिसमें असम कॉंग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सहित कई नेता घायल हो गए।

कॉंग्रेस प्रवक्ता शत्रुंजय मिश्रा कि राहुल गांधी इस हमले से डरने वाले नहीं है। इस तरह के कृत्य से भाजपा और आरएसएस उन्हें झुकने के लिए विवश नहीं कर पाएगी। शहर अध्यक्ष राजीव त्रिपाठी ने कहा कि कॉंग्रेस का इतिहास शहादत का रहा है। उसी गांधी परिवार से राहुल गाँधी है, जिस परिवार के लोगों ने अपने जान की परवाह किए बगैर, जनता और देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी।


प्रदेश सचिव जितेन्द्र पासवान, फरीद अहमद, जगदीश मिश्रा, अमित चौबे, शशांक मिश्रा, कौशलेस पाठक, संगीता श्रीवास्तव, जितेंद्र पांडेय, लालू पांडेय, आशीष सिंह, शिव पूजन विश्वकर्मा, बृजेश तिवारी, नागेश पाठक, बाबूलाल, हिमाचल साहनी, वंशीधर पांडेय, राजेश, अरविंद श्रीवास्तव ,शनि शुक्ला आदि ने भी न्याय यात्रा पर हुए हमले को लेकर रोष जताया। कहा कि न्याय यात्रा को मिलते समर्थन ने यह जता दिया है कि 2024 का लोस चुनाव कांग्रेस के नाम रहने वाला है।

Tags:    

Similar News