Taj Mahal : क्या ताजमहल का नाम 'तेजो महालय' होगा? BJP पार्षद ला रहे प्रस्ताव, जुड़ सकता है नया विवाद

Agra News : आगरा नगर निगम में बीजेपी पार्षदों की संख्या सर्वाधिक है। इसलिए यह अनुमान लगाया जा रहा है कि भाजपा पार्षद शोभाराम राठौर का यह प्रस्ताव आज पास हो सकता है।

Report :  Rahul Singh
Update: 2022-08-31 07:16 GMT

Taj Mahal 

Taj Mahal or Tejo Mahalaya : ताजमहल (Taj Mahal) का नाम 'तेजो महालय' करने की कवायद एक बार फिर तेज हो गई है। 'तेजो महालय' करने को लेकर एक प्रस्ताव बुधवार (31 अगस्त) को नगर निगम (Nagar Nigam Agra) के सदन में पेश होने जा रहा है। ताजगंज वार्ड- 88 से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पार्षद शोभाराम राठौर ने ताजमहल का नाम 'तेजो महालय' करने का प्रस्ताव तैयार किया है।

बीजेपी पार्षद अपने प्रस्ताव को आज नगर निगम के विशेष सदन में पेश करेंगे। प्रस्ताव के साथ बीजेपी पार्षद शोभाराम राठौर ने उन तथ्यों को भी प्रस्तुत किया है। जिनके आधार पर वो ताजमहल को 'तेजो महालय' मान रहे हैं।

बीजेपी पार्षद ने बताए तथ्य

बीजेपी पार्षद शोभाराम राठौर (BJP Councilor Shobharam Rathore) का कहना है कि शाहजहां (Shahjahan) की बेगम मुमताज महल (Mumtaz Mahal) का असली नाम 'अंजुम बानो' था। अंजुम बानो की मौत ताजमहल के निर्माण से 22 साल पहले हो चुकी थी। मुमताज महल उर्फ अंजुम बानो को बुरहानपुर में दफन किया गया था। ताजमहल बनने के बाद उनकी कब्र दोबारा ताजमहल में बनवाई गई। पार्षद शोभाराम राठौर ने बताया कि, ताजमहल के अंदर कमल चिह्न के अलावा तमाम ऐसे निशान मौजूद हैं, जो यह बात सिद्ध करते हैं कि यह ताजमहल पहले 'शिव मंदिर' था। मुगल आक्रांताओ ने इसके स्वरूप को बदलकर इसका नाम ताजमहल कर दिया। बीजेपी पार्षद ने बताया कि, यह राजा जयसिंह (Raja Jaisingh) की संपत्ति थी ।

'कोई कब्रिस्तान ऐसा नहीं, जहां महल बना हो'

शोभाराम राठौर ने यह भी कहा, कि 'कोई भी कब्रिस्तान ऐसा नहीं है जहां महल बना हो। बीजेपी पार्षद का कहना है कि इन तथ्यों के आधार पर आज वह ताजमहल का नाम 'तेजो महालय' रखने के लिए नगर निगम में प्रस्ताव रखेंगे। उन्होंने ये भी कहा कि, जन भावना से जुड़े इस मुद्दे को लेकर उन्हें पूरी उम्मीद है कि उनके प्रस्ताव को बहुमत के साथ पास किया जाएगा।'

आगरा नगर निगम में बीजेपी की बहुमत

आपको बता दें, कि आगरा नगर निगम में बीजेपी पार्षदों की संख्या सर्वाधिक है। इसलिए यह अनुमान लगाया जा रहा है कि भाजपा पार्षद शोभाराम राठौर का यह प्रस्ताव आज पास हो सकता है। जिसके बाद ताजमहल के साथ एक और बड़ा विवाद जुड़ सकता है।

नाम बदलने को लेकर संशय

ताजमहल भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग (Archaeological Survey of India Department) द्वारा संरक्षित स्मारक है। ऐसे में नगर निगम सदन को ताजमहल का नाम बदलने का अधिकार है या नहीं इस बात पर भी अभी संशय है। शोभाराम राठौर ने ये बात जरूर कही, कि 'नगर निगम में अगर प्रस्ताव पास हो जाता है तो वह प्रस्ताव की प्रति सरकार को भेजेंगे और मांग करेंगे कि ताजमहल का नाम बदलकर तेजो महालय कर दिया जाए।'

Tags:    

Similar News