Sonbhadra: झारखंड के कपड़ा व्यवसायी से तीन लाख की लूट, कोन-विंढमगंज मार्ग की घटना

Sonbhadra News: ओबरा क्षेत्राधिकारी शंकर प्रसाद ने मौके का निरीक्षण करने के बाद कोन पुलिस को लूट की प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया, तब जाकर मामले का पटाक्षेप हुआ।

Newstrack :  Praveen Singh
Update: 2022-04-13 14:14 GMT

Sonbhadra News: कोन थाना क्षेत्र के कोन - विंढमगंज मार्ग पर दिनदहाड़े झारखंड के कपड़ा व्यवसायी के मुनीम से तीन लाख के लूट की खबर ने सनसनी फैला दी। इसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सीमा पर आने जाने वाले वाहनों की कड़ी नाकेबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली। उधर, मुकदमा दर्ज करने को लेकर कोन और विंढमगंज पुलिस के बीच घंटों सीमा विवाद का मामला उलझा रहा। ओबरा क्षेत्राधिकारी शंकर प्रसाद ने मौके का निरीक्षण करने के बाद कोन पुलिस को लूट की प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया, तब जाकर मामले का पटाक्षेप हुआ।

झारखंड राज्य के गढ़वा जिला निवासी विजय कुमार कपड़े के थोक व्यवसायी हैं। उन्होंने बुधवार की दोपहर विंढमगंज पुलिस को सूचना दी कि उनका मुनीम विष्णु साव और नौकर तारीक अहमद प्रत्येक सप्ताह की भांति, फुटकर दुकानदारों से बकाए की वसूली कर बुधवार की सुबह गढ़वा के लिए वापस हो रहे थे। जैसे ही वह कोन- विंढमगंज मार्ग के जंगल में पहुंचे, दो मोटरसाइकिल पर सवार हथियारबंद छह बदमाशों ने उन्हें रोककर लगभग तीन लाख की नगदी लूट ली। इस सूचना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कोन से विंढमगंज तक लुटेरों की तलाश शुरू कर दी गई लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

व्यवसायी विजय कुमार ने बताया कि उनकी गढ़वा में अयोध्या प्रसाद विजय प्रसाद नाम से थोक कपड़ा व्यवसाय की फर्म है। उनके यहां गढ़वा जिले के अलावा सोनभद्र के विंढमगंज, दुद्धी, बभनी, कोन सहित कई जगहों से फुटकर व्यापारी कपड़े की खरीद के लिए आते हैं। खरीदे गए कपड़ों के एवज में जो बकाया रह जाता है, उसकी वसूली के लिए प्रत्येक सप्ताह मुनीम विष्णु साव और कर्मचारी तारीक अहमद सोनभद्र आते-जाते हैं। इसी कड़ी में वह बुधवार की सुबह भी आए थे और लौटते समय लूट की घटना का शिकार हो गए। उधर, अपर पुलिस अधीक्षक विजय शंकर मिश्र, क्षेत्राधिकारी ओबरा शंकर प्रसाद, एसओजी टीम तथा कौन विंढमगंज थाने की पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी रही। अपर पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले के खुलासे के लिए कई निर्देश दिए। वहीं घटना का जल्द खुलासा हो, इसके लिए पुलिस उप महानिरीक्षक/ पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने भी मातहतों को निर्देशित किया। विंढमगंज थाना प्रभारी निरीक्षक सूर्यभान ने बताया कि लूट की खबर मिली है जिसको लेकर गहन जांच और लुटेरों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही घटना पर से पर्दा उठा लिया जाएगा। पुलिस के मुताबिक लूट की घटना विंढमगंज क्षेत्र से लगभग 5 किलोमीटर दूर, कोन थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई है।

Tags:    

Similar News