UP Election 2027: मिशन 2027 की तैयारियों में जुटी कांग्रेस, प्रदेश के मतदाताओं को सीधे जोड़ने के महाअभियान का जोरदार आगाज
UP Assembly Election 2027: कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता जोड़ो महाअभियान’ शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत पार्टी 100 दिनों के भीतर लगभग 600 सभाओं का आयोजन करेगी;
UP Assembly Election 2027
UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह से सक्रिय हो गई है। बता दें कि कांग्रेस पार्टी अब अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी में है और मतदाताओं से सीधा जुड़ाव स्थापित करने के लिए एक नई रणनीति पर काम कर रही है। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की स्थिति मौजूदा समय में ठीक नहीं है। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल बीते दिनों यूपी के अमेठी का दौरा भी कर चुके हैं। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस मिशन 2027 को लेकर काफी सीरियस मोड में है।
मतदाता जोड़ो महाअभियान की शुरुआत
इसको लेकर यूपी कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता जोड़ो महाअभियान’ शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत पार्टी 100 दिनों के भीतर लगभग 600 सभाओं का आयोजन करेगी। और इन सभाओं में एक लाख से अधिक लोगों से संकल्प पत्र भरवाए जाएंगे। इस महाअभियान की शुरुआत यूपी के जनपद आजमगढ़ के निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र से 28 फरवरी को की जाएगी।
निजामाबाद से अभियान की शुरुआत, प्रदेश संगठन महासचिव को मिली जिम्मेदारी
कांग्रेस पार्टी ने इस महाअभियान की जिम्मेदारी प्रदेश संगठन महासचिव अनिल यादव को सौंपा है। इस अभियान के तहत हर ग्राम पंचायत में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक न्याय, जातीय जनगणना और संविधान सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। प्रत्येक पंचायत में तीन सभाएं आयोजित की जाएंगी, जिससे इस अभियान के दौरान पूरे निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र में करीब 500 से 600 सभाएं होंगी।
एक्शन कमेटी का गठन, कांग्रेस का हर कदम तैयार
यूपी के आजमगढ़ निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र में अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए एक 51 सदस्यीय एक्शन कमेटी का गठन भी किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी की योजना है कि इस महाअभियान के माध्यम से वह एक लाख से अधिक मतदाताओं से सीधे संवाद स्थापित कर, उनके समर्थन को सुनिश्चित करे।